मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह महाराष्ट्र के साथ ‘विश्वासघात’ कर रहे हैं। उन्होंने शिवसेना को भाजपा नीत सरकार से अलग होने की चेतावनी देते हुए दावा किया कि सरकार में उद्धव ठाकरे की पार्टी को उचित श्रेय नहीं मिल रहा है। राज ठाकरे ने गुड़ी पड़वा के मौके पर शुक्रवार रात यहां शिवाजी पार्क में अपनी पार्टी की रैली में कहा, ‘किस प्रधानमंत्री ने इतनी विदेश यात्राएं कीं? अच्छे दिन कहां हैं। आपने कालाधन वापस लाने का वादा किया था। वह कहां है? माल्या यहां से करोड़ों रुपये ले गये और देश से भाग गये।’ मनसे प्रमुख ने कहा, ‘पहले मैंने कहा था कि मोदी ही आखिरी उम्मीद बचे हैं लेकिन अब जब यह देख लिया कि उन्होंने विश्वासघात किया है तो मैं उनके खिलाफ बोलना शुरू कर दिया।’