Major Agitation by AYUSH Doctors in Devbhoomi : Phased Protest Begins Today in Uttarakhand, Yoga Day Preparations at Risk-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

देवभूमि में आयुष डॉक्टरों का महा-संग्राम : उत्तराखंड में आज से चरणबद्ध आंदोलन, योग दिवस पर मंडराया संकट

khaskhabar.com: सोमवार, 08 जून 2026 11:10 AM (IST)
देवभूमि में आयुष डॉक्टरों का महा-संग्राम : उत्तराखंड में आज से चरणबद्ध आंदोलन, योग दिवस पर मंडराया संकट
देहरादून। उत्तराखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर एक बेहद चिंताजनक और बड़ी खबर सामने आ रही है। शासन और विभाग की बरसों की अनदेखी से नाराज राजकीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ ने सरकार के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। आज यानी 08 जून 2026 से पूरे प्रदेश के आयुष डॉक्टर चरणबद्ध तरीके से बड़े आंदोलन पर उतर रहे हैं, जिससे पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप होने की कगार पर पहुँच गई हैं। कई दौर की वार्ताओं, पत्राचार और आश्वासनों के बाद भी जब डॉक्टरों की वाजिब मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो चिकित्सकों का यह आक्रोश एक बड़े आंदोलन के रूप में फूट पड़ा है। संघ के मीडिया कोर्डिनेटर डॉ. डी. सी. पसबोला के अनुसार, सूबे के आयुष डॉक्टर लंबे समय से विभागीय उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। डॉक्टरों की मुख्य नाराजगी निम्नलिखित लंबित मांगों को लेकर है:
मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद भी रोकी गई DACP: साल 2022 में राज्य मंत्रिमंडल ने डॉक्टरों के लिए DACP लाभ को मंजूरी दी थी, लेकिन आज तक इसका शासनादेश (GO) जारी नहीं हुआ।
ACP/MACP और प्रमोशन अटके: डॉक्टरों के वित्तीय और सेवा लाभ से जुड़े प्रमोशन और वेतन विसंगतियों के मामले सालों से फाइलों में दबे पड़े हैं।
नेटवर्क विहीन पहाड़ों पर ऐप आधारित हाजिरी का तुगलकी फरमान: डॉक्टरों का सबसे बड़ा विरोध मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था को लेकर है। डॉक्टरों का कहना है कि उत्तराखंड के दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और नेटवर्क न के बराबर है। ऐसे में हाजिरी न लग पाने की तकनीकी खामी की सजा डॉक्टरों का वेतन रोककर देना सरासर अन्याय है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की तैयारियों पर लगेगा ग्रहण!
यह आंदोलन ऐसे नाजुक वक्त पर शुरू हो रहा है जब पूरा देश और उत्तराखंड प्रशासन 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों में जुटा है।
आयुष विभाग के यही डॉक्टर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों, कॉलेजों में योग प्रशिक्षण, प्रोटोकॉल अभ्यास और जन-जागरूकता अभियानों की रीढ़ होते हैं। जानकारों का मानना है कि यदि सरकार ने समय रहते डॉक्टरों की सुध नहीं ली, तो इस बार देवभूमि में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजनों पर बहुत बुरा असर पड़ेगा।
काली पट्टी से लेकर पूर्ण तालाबंदी तक: यह रहेगा आंदोलन का पूरा रास्ता
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. नीरज कोहली एवं महासचिव डॉ. हरदेव सिंह रावत द्वारा जारी किए गए अल्टीमेटम के अनुसार, यह आंदोलन पूरी तरह चरणबद्ध और आक्रामक होगा। इसकी शुरुआत 08 जून से 10 जून 2026 तक होगी, जहां सभी डॉक्टर अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराएंगे, हालांकि इस दौरान ओपीडी सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी। इसके बाद 11 और 12 जून 2026 को भी ओपीडी सेवाएं जारी रखी जाएंगी, लेकिन विरोध स्वरूप आंदोलनात्मक गतिविधियों को और तेज कर दिया जाएगा।
आंदोलन का उग्र रूप 13 जून 2026 को देखने को मिलेगा, जब डॉक्टर जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और ओपीडी का पूर्ण बहिष्कार कर देंगे। स्थिति तब और बदतर हो जाएगी जब 15 जून 2026 से पूरे प्रदेश में पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू हो जाएगा और सभी आयुष डॉक्टर आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवा निदेशालय, देहरादून पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे, जिससे राज्य की आयुष स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाएंगी।
डॉक्टरों की दोटूक चेतावनी: "हम विपरीत परिस्थितियों में भी पहाड़ों और सीमांत क्षेत्रों में जनता को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन हमारे आत्मसम्मान और हक के साथ खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा। यदि सरकार अब भी नहीं जागी, तो 15 जून से पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था ठप होने की जिम्मेदारी शासन की होगी।"
अब गेंद मुख्यमंत्री और आयुष मंत्रालय के पाले में है कि वे संवाद के जरिए इस संकट को टालते हैं या फिर देवभूमि की स्वास्थ्य व्यवस्था को एक बड़े और अभूतपूर्व संकट में झोंक दिया जाता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement