Lalsot News: Reservation of general women head in Lalsot and Ramgarh Pachwara-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 14, 2026 5:46 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : लालसोट व रामगढ़ पचवारा में सामान्य महिला प्रधान का आरक्षण

khaskhabar.com: बुधवार, 23 सितम्बर 2026 5:28 PM (IST)
लालसोट समाचार : लालसोट व रामगढ़ पचवारा में सामान्य महिला प्रधान का आरक्षण
शिवसिंहपुरा पंचायत समिति में एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हुआ प्रधान पद, खुली लॉटरी से हुआ आरक्षण लालसोट। पंचायत राज चुनावों को लेकर बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित खुली लॉटरी में पंचायत समिति प्रधान पदों का आरक्षण किया गया। लॉटरी में लालसोट एवं रामगढ़ पचवारा पंचायत समिति के प्रधान पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित हुए हैं। वहीं शिवसिंहपुरा पंचायत समिति का प्रधान पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
प्रधान पद के आरक्षण को लेकर अब संबंधित पंचायत समितियों के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा का दौर शुरू हो गया है।
*70वीं जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ*
*714 खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा, बास्केटबॉल,* *वॉलीबाल, बॉक्सिंग व कराटे प्रतियोगिताएं होंगी*
लालसोट। 70वीं जिला स्तरीय विद्यालय छात्र-छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को पीएमश्री श्री अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लालसोट शीला मीना ने किया।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य रत्तीराम मीना ने बताया कि प्रतियोगिता केंद्र पर 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं की बास्केटबॉल, वॉलीबाल, बॉक्सिंग एवं कराटे प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में जिलेभर से कुल 714 खिलाड़ियों का पंजीकरण हुआ है, जिसमें 529 छात्र और 185 छात्राएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि बास्केटबॉल में 19 टीमों के 180 खिलाड़ी, वॉलीबाल में 41 टीमों के 484 खिलाड़ी, कराटे में 5 तथा बॉक्सिंग में 45 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताएं 26 सितंबर तक चलेंगी।
उद्घाटन समारोह में जिलेभर से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और अपने विद्यालय की टीम के झंडे के साथ प्रतिनिधित्व किया। मुख्य अतिथि शीला मीना ने प्रतियोगिता स्थल पर ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। खिलाड़ी छात्रा कोमल सैनी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। इसके बाद ड्रा के अनुसार विभिन्न प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के प्रयास की बात कही।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार शर्मा, राजेश मिश्रा, राम भरोसी मीना, राम लखन मीना, चेतना बंसीवाल, उषा शर्मा, कमलेश कुमार बैरवा, चौथमल मीना, उमाशंकर शर्मा, उप-प्राचार्य मोहन उपाध्याय सहित शारीरिक शिक्षक, प्रतिनियुक्त स्टाफ, विद्यालय स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हनुमान प्रसाद शर्मा एवं सुनील कुमार शर्मा ने किया।
*रेसला रामगढ़ पचवारा ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार*
*गिर्राज हमीरपुरा अध्यक्ष एवं सुरेश सैनी बने ब्लॉक मंत्री*
लालसोट। राजस्थान शिक्षा सेवा अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (रेसला) रामगढ़ पचवारा ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने तथा शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर चर्चा की गई।
नई कार्यकारिणी में गिर्राज हमीरपुरा को ब्लॉक अध्यक्ष एवं सुरेश सैनी को ब्लॉक मंत्री बनाया गया। वहीं नोडल प्रधानाचार्य रामावतार मीणा को संरक्षक, चेतराम मीणा को उपाध्यक्ष, नवल स्वामी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, द्वारिका शर्मा को कोषाध्यक्ष, महेंद्र साहू को मीडिया प्रभारी, सुमित्रा मीणा को महिला मंत्री, मुकेश कुमार खोडा को रेसला ब्लॉक सभा अध्यक्ष तथा ओमप्रकाश मीणा को ब्लॉक प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रभु दयाल बैरवा रहे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन के माध्यम से मिल-जुलकर कार्य करने की बात कही।
रेसला जिला अध्यक्ष सुल्तान मीणा ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आपसी विश्वास से होती है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी से ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी और कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी मिलकर कार्य करेंगे।
नवनियुक्त संरक्षक रामावतार मीणा ने कहा कि संगठन कर्मचारियों की एकजुट आवाज है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय एवं भाईचारे के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
रेसला जिला संरक्षक अरविंद मीणा ने ब्लॉक स्तर पर मजबूत कार्यकारिणी के गठन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने की बात कही।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष गिर्राज हमीरपुरा ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। कर्मचारियों की जायज समस्याओं को ब्लॉक से जिला स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।
ब्लॉक मंत्री सुरेश सैनी ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी एक टीम के रूप में कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में मंजू मीणा, आसाराम सैनी, भवानी सिंह मीणा, मुरारी लाल मीणा, आशीष खंडेलवाल, प्रसादी लाल मीणा, ओमप्रकाश मीणा, गोपीचंद, जयराम मीणा, महेश मीणा, रामकिशोर मीणा, डॉ. हेमराज महावर सहित बड़ी संख्या में व्याख्याता एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
*सुरतपुरा में आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, तीन जेसीबी से हटाया कब्जा*
लालसोट। ग्राम सुरतपुरा में आम रास्ते पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। राजस्व विभाग की टीम ने नायब तहसीलदार, गिरदावर एवं पटवारी सहित अन्य राजस्व कर्मचारियों की मौजूदगी में तीन जेसीबी मशीनों की सहायता से आम रास्ते से अतिक्रमण हटाया।
कार्रवाई की सूचना पर तहसीलदार राजेंद्र मीणा भी मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं थानाधिकारी जगदीश प्रधान पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन थानों का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। अधिकारियों की निगरानी में आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही।
*पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा*
*विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज को लेकर जागरूकता अभियान, भाषण व पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित*
लालसोट। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के उपलक्ष्य में 23 सितंबर को राजकीय कन्या महाविद्यालय, लालसोट में जागरूकता अभियान एवं विभिन्न छात्र-केंद्रित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत सरकार के कार्यक्रम “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज-2027” को लेकर छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान का उद्देश्य युवाओं में विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं नेतृत्व क्षमता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने छात्राओं को क्विज प्रतियोगिता के नियमों एवं महत्व की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक छात्राओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत विकसित भारत क्विज से संबंधित पोस्टर एवं बैनर महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड, प्रमुख प्रदर्शन स्थलों एवं दीवारों पर लगाए गए। छात्राओं ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भाषण व पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के लिए भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में नीलम बैरवा ने प्रथम, इन्दू कांता ने द्वितीय एवं सिमरन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में खुशबू पाराशर प्रथम, मधु सैनी द्वितीय एवं इन्दू कांता तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष आयोजन के लिए गठित निर्णायक कमेटी में राम खिलाड़ी मीणा, राजेश कुमार मीणा, नरेश कुमार सैनी एवं गरिमा शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मीणा ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में तकनीक एवं युवाओं की भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पवन कुमार नैनावत, गरिमा शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, राजेंद्र वर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
*तिलहन फसलों को लेकर कृषकों को दी तकनीकी जानकारी*
*बिलोना कलां में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण शिविर का समापन*
लालसोट। नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-तिलहन योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिलोना कलां में 22 एवं 23 सितंबर को दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को तिलहन फसलों के उत्पादन, उन्नत तकनीक, पोषक तत्व प्रबंधन एवं फसल अवशेष प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
कृषि कॉलेज डीडवाना-लालसोट के दिनेश कुमार यादव ने तिलहन फसलों का क्षेत्रफल बढ़ाने, उन्नत किस्मों के उपयोग से उत्पादकता बढ़ाने, फसल अवशेष प्रबंधन तथा तिलहन के सुरक्षित भंडारण की जानकारी दी। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. बनवारी लाल जाट ने तिलहन फसलों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, छोटे स्तर पर तेल उत्पादन एवं प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देने के साथ पोषक तत्व प्रबंधन, समन्वित कीट प्रबंधन एवं खरपतवार नियंत्रण की तकनीकी जानकारी दी।
प्रगतिशील कृषक ओमप्रकाश पारीक खटवा ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के संबंध में किसानों को जानकारी दी। सहायक कृषि अधिकारी राम खिलाड़ी मीणा ने एनएमईओ योजना के तहत विभागीय योजनाओं, खरीफ फसलों की कटाई एवं सुरक्षित अनाज भंडारण की जानकारी देते हुए आगामी रबी फसल की बुवाई, जुताई, उन्नत किस्मों के बीज उपचार तथा नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग की सलाह दी।
कृषि पर्यवेक्षक अभिषेक शर्मा ने पाइपलाइन, तारबंदी एवं फार्म पॉन्ड योजनाओं की जानकारी दी। कृषि पर्यवेक्षक महेंद्र यादव ने किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड के आधार पर संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने की सलाह दी। वहीं कृषि पर्यवेक्षक अमित मीणा कांकरिया ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
*श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जलझूलनी एकादशी*
*ठाकुरजी की निकली डोल एवं शोभायात्राएं,* *जयकारों से गूंजा क्षेत्र*
लालसोट। उपखंड मुख्यालय सहित समूचे क्षेत्र में मंगलवार को जलझूलनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी महाराज को जलविहार कराया। विभिन्न मंदिरों से डोल एवं शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनमें श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। ठाकुरजी के जयकारों और रामनाम के उच्चारण से वातावरण भक्तिमय हो गया।
शहर के जोशीपाड़ा स्थित रघुनाथजी महाराज मंदिर से भी ठाकुरजी की डोल यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी को जलविहार कराया तथा दर्शन कर सुख-समृद्धि की मनौतियां मांगीं।
इसी प्रकार डीडवाना में भी जलझूलनी एकादशी पर श्रद्धालु धनेश्वर तालाब पहुंचे। इससे पूर्व गांव के प्रमुख मार्गों से ठाकुरजी महाराज की शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए तथा तालाब पर ठाकुरजी को जलविहार कराया।
टोरड़ा गांव में भी जलझूलनी एकादशी के अवसर पर डोल यात्रा निकाली गई। वहीं शिवसिंहपुरा में ठाकुरजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें गांव के सभी समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ठाकुरजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शिवसिंहपुरा में आयोजित कार्यक्रम में दिनेश कुमार जांगिड़ सहित गांव के पांच पटेल मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक आयोजन और श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
*स्नातकोत्तर सेमेस्टर प्रथम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू*
*3 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन, 16 अक्टूबर से शुरू होगा शिक्षण कार्य*
लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालसोट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर सेमेस्टर प्रथम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुभाष पहाड़िया ने बताया कि हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान एवं प्राणिशास्त्र विषयों में स्नातकोत्तर सेमेस्टर प्रथम में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अंतिम वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 9 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थियों को 13 अक्टूबर तक महाविद्यालय में मूल प्रमाण पत्रों की जांच करवाने के साथ ई-मित्र के माध्यम से निर्धारित शुल्क जमा कराना होगा। प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची 15 अक्टूबर को जारी होगी, जबकि शिक्षण कार्य 16 अक्टूबर से प्रारंभ किया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि स्नातक तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के प्रवेश नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 22 सितंबर से बढ़ाकर 21 अक्टूबर कर दी गई है। विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक फीस जमा कराकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। निर्धारित समय सीमा में फीस जमा नहीं कराने वाले विद्यार्थियों का महाविद्यालय में प्रवेश स्वतः निरस्त हो जाएगा।
*टेकचंद की जीत के लिए एक महीने तक नंगे पैर रहे दीपक शर्मा, जीत के बाद मालिया ने खुद पहनाई चप्पल*
लालसोट। चुनाव में अपने प्रत्याशी की जीत के लिए कार्यकर्ता द्वारा लिया गया संकल्प चर्चा का विषय बना हुआ है। वार्ड नंबर 3 से कांग्रेस प्रत्याशी टेकचंद मालिया की जीत को लेकर दीपक शर्मा पुत्र प्रभु दयाल शर्मा ने भगवान के मंदिर में शपथ ली थी कि जब तक टेकचंद मालिया चुनाव नहीं जीतेंगे, तब तक वे पैरों में चप्पल नहीं पहनेंगे। अपनी शपथ पर कायम रहते हुए दीपक शर्मा पिछले करीब एक महीने से नंगे पैर चल रहे थे।
नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर 3 से टेकचंद मालिया के विजयी होने के बाद उन्होंने दीपक शर्मा को उनका संकल्प पूरा कराया। मालिया ने स्वयं दीपक शर्मा को चप्पल पहनाई और उनका मुंह मीठा कराकर इस समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ता और समर्थकों में भी उत्साह नजर आया।
टेकचंद मालिया ने कहा कि जिस पार्टी में दीपक शर्मा जैसे समर्पित कार्यकर्ता हों, वह पार्टी कभी हार नहीं सकती। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए हमेशा आवाज उठाते रहेंगे। साथ ही वार्ड के विकास के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। वार्ड की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर वे संकल्पबद्ध हैं।
*कन्या महाविद्यालय में भूगोल पीजी प्रथम* *सेमेस्टर के प्रवेश शुरू*
*3 अक्टूबर तक* *ऑनलाइन आवेदन, 16 अक्टूबर से शुरू होगा नियमित शिक्षण*
लालसोट। राजकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय लालसोट में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए भूगोल विषय में स्नातकोत्तर (एमए) प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार पात्र छात्राएं 22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी।
महाविद्यालय के पीजी नोडल प्रभारी राम खिलाड़ी मीणा ने बताया कि आवेदन पत्रों का महाविद्यालय स्तर पर ऑनलाइन सत्यापन 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम वरीयता सूची एवं प्रतीक्षा सूची 9 अक्टूबर को जारी होगी।
वरीयता सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 13 अक्टूबर तक महाविद्यालय में मूल प्रमाण पत्रों की जांच करवाने के साथ ई-मित्र के माध्यम से शिक्षण शुल्क जमा कराना होगा। प्रवेशित विद्यार्थियों की प्रथम सूची 15 अक्टूबर को जारी होगी तथा नियमित शिक्षण कार्य 16 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मीणा ने पात्र छात्राओं से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करवाएं, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
*दो साल से फरार हिस्ट्रीशीटर दिलखुश उर्फ दिल्लू करेल गिरफ्तार*
*लालसोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, काली स्कॉर्पियो* *जब्त; वाहन की पीछे की नंबर प्लेट हटाकर घूम रहा था आरोपी*
लालसोट। लालसोट थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे रेंज स्तरीय विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी दिलखुश मीना उर्फ दिल्लू करेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस थाना मलारना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन RJ14UK4423 भी जब्त की है, जिसकी पीछे की नंबर प्लेट हटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी लालसोट थाने के प्रकरण संख्या 588/2024 में वांछित चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देने के साथ तकनीकी सहायता एवं मोबाइल नंबरों की सीडीआर का विश्लेषण किया जा रहा था।
मारपीट की सूचना पर पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को पीसीआर 112 दौसा से सूचना मिली कि भगवतपुरा-चांदसेन-मिज्जापुरा चौराहे पर कुछ लोगों के बीच मारपीट हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। लाडपुरा मोड़ के पास पुलिस को सड़क किनारे काले रंग की स्कॉर्पियो के पास पांच-छह युवक दिखाई दिए।
पुलिस का कहना है कि पुलिस वाहन को देखकर युवक स्कॉर्पियो में बैठकर वाहन को तेज गति से भगाने लगे। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रुकवाया तो चार-पांच युवक अंधेरे एवं खेतों में खड़ी फसल का फायदा उठाकर फरार हो गए। वाहन चालक को पुलिस ने पकड़ लिया, जिसने अपना नाम दिलखुश मीना उर्फ दिल्लू करेल बताया।
वाहन की पीछे की नंबर प्लेट हटी हुई थी तथा आरोपी के पास वाहन के दस्तावेज एवं ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिले। पुलिस ने स्कॉर्पियो को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया।
दो साल पुराने मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार 16 नवंबर 2024 को थलोज निवासी हेमराज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उनके भूखंड पर जेसीबी और वाहनों के साथ पहुंचकर निर्माण कार्य को क्षतिग्रस्त किया तथा उन्हें और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर धमकाया और सामान लूट लिया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता एवं एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पूर्व में बीरबल उर्फ बलवीर मीणा, रामकल्याण गुर्जर उर्फ राम गुर्जर तथा मनराज गुर्जर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहीं दिलखुश उर्फ दिल्लू करेल फरार चल रहा था।
गंभीर मामलों में दर्ज हैं प्रकरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ राज्य के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर प्रकृति के करीब 10 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी पुलिस थाना मलारना डूंगर जिला सवाई माधोपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है।
आरोपी को 21 सितंबर 2026 को संबंधित प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
*नवनिर्वाचित सभापति 24 सितंबर को करेंगे कार्यभार ग्रहण*
लालसोट। नगर परिषद लालसोट के नवनिर्वाचित सभापति कपिल पुरोहित 24 सितंबर को प्रातः 11:15 बजे सभापति कक्ष में सादगीपूर्ण समारोह में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक पुरोहित ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया जाएगा।
*उत्तम तप धर्म पर बच्चों ने दी एकल गायन की प्रस्तुतियां*
*दशलक्षण महोत्सव के सातवें दिन श्री दिगंबर जैन नसियां में हुआ आयोजन*
लालसोट। श्री दिगंबर जैन महिला मंडल लालसोट के तत्वावधान में मनाए जा रहे पर्वाधिराज दशलक्षण महोत्सव के सातवें दिन उत्तम तप धर्म पर एकल गायन कार्यक्रम का आयोजन श्री दिगंबर जैन नसियां में किया गया। कार्यक्रम में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रिंजल, फलक, आराध्या, हार्दिक, शुभ, आकांक्षा, कृति, दर्शित, लविश, अथर्व, अनावी, सान्वी, प्रथम, सौम्या, आदित्य, जैनम, आरा, प्रतीक, नमन एवं आकर्ष ने एकल गायन की प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत निर्मला बड़जात्या द्वारा मंगलाचरण से की गई। इस अवसर पर वीनू सोनी ने उत्तम तप धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तप आत्मा की सच्ची शक्ति है। तपस्या से मन निर्मल होता है और जीवन में धर्म का मंगल भाव बढ़ता है। उन्होंने बच्चों को संयम एवं तप के संदेश को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम प्रभारी प्रमिला बड़जात्या एवं ललित सोनी रहे, जबकि मंच संचालन श्वेता जैन ने किया। कार्यक्रम में शिखर बड़जात्या, रविंद्र जैन, लोकेंद्र सोनी, देवेंद्र बैनाड़ा, प्रमोद बड़जात्या, पवन आंटी, ज्योति वेद, रेखा बड़जात्या, मीना गंगवाल, अल्का बड़जात्या, रैना बड़जात्या, कमलश्री बड़जात्या सहित समाज के अनेक महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
*हामावास में शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने का आरोपी गिरफ्तार*
*राहुवास थाना पुलिस की कार्रवाई, 150 वर्ष पुराने शिवालय में हुई थी घटना*
लालसोट। राहुवास थाना पुलिस ने ग्राम हामावास में शिवालय में स्थापित शिवलिंग को क्षतिग्रस्त करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 18 सितंबर को शिवलिंग को सरिए से वार कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष एवं चिंता का माहौल बन गया था।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को हामावास निवासी जगदीश सिंह एवं मवानी सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव में करीब 150 वर्षों से शिवालय में मूर्ति स्थापित है। आरोप है कि सुबह करीब 4 बजे श्यामलाल मीणा निवासी हामावास ने शिवलिंग पर सरिए से वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पुलिस थाना राहुवास में प्रकरण संख्या 105/2026, धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस की विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने थाना क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाश के बाद आरोपी श्यामलाल पुत्र रतनलाल मीणा, उम्र 31 वर्ष, निवासी हीरामल बाबा की ढाणी, तन हामावास, थाना राहुवास को 22 सितंबर को ग्राम नयावास से गिरफ्तार किया।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक दौसा पीयूष दीक्षित आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी नांगल राजावतान शीशराम आरपीएस के निर्देशन में तथा राहुवास थानाधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम
कार्रवाई में जगदीश प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक, पुलिस थाना राहुवास, हेड कांस्टेबल पप्पूलाल, कांस्टेबल हनुमान प्रसाद, भगवान सहाय एवं विनोद कुमार शामिल रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement