Jojari River Pollution Case: FIR Registered Against 18 Trustees and Directors Associated with CETP-Textile-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जोजरी नदी प्रदूषण मामला : CETP टेक्सटाइल से जुड़े 18 ट्रस्टियों व निदेशकों के खिलाफ FIR दर्ज

khaskhabar.com: शनिवार, 30 मई 2026 1:27 PM (IST)
जोजरी नदी प्रदूषण मामला : CETP टेक्सटाइल से जुड़े 18 ट्रस्टियों व निदेशकों के खिलाफ FIR दर्ज
जोधपुर। जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने के आरोप में विवेक विहार थाना पुलिस ने जोधपुर प्रदूषण नियंत्रण एवं अनुसंधान फाउंडेशन (CETP-टेक्सटाइल), सांगरिया औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े 18 ट्रस्टियों एवं निदेशक मंडल के सदस्यों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 271, 279 तथा अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। मामला राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी दीपेन्द्र झरवाल द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार 28 मई 2026 को मुख्य पर्यावरण अभियंता, वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता एवं अन्य अधिकारियों की टीम ने CETP का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि टेक्सटाइल उद्योगों से आने वाले अनुपचारित अपशिष्ट जल को CETP की निर्धारित उपचार प्रक्रिया से गुजारे बिना सीधे बाईपास कर RIICO के नाले में छोड़ा जा रहा था। यह नाला आगे जोजरी नदी में जाकर मिलता है। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि यह कार्य पर्यावरणीय स्वीकृतियों और सम्मति शर्तों का गंभीर उल्लंघन है। इससे न केवल जोजरी नदी का जल प्रदूषित हो रहा है, बल्कि आसपास के क्षेत्र में पर्यावरणीय क्षति और सार्वजनिक उपद्रव की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। RSPCB, RIICO, जल संसाधन विभाग (WRD) तथा JODA के संयुक्त निरीक्षण दल की मौका फर्द रिपोर्ट में भी इन तथ्यों की पुष्टि की गई है।
मामले को गंभीर मानते हुए प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने CETP-टेक्सटाइल के ट्रस्टियों और निदेशक मंडल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके बाद विवेक विहार थाना पुलिस ने 18 आरोपितों के विरुद्ध FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शंकर लाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन, प्रदूषण के स्तर तथा प्रत्येक आरोपित की भूमिका का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement