पटना। बिहार में सत्तारूढ जनता दल (युनाइटेड) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक रविवार को नालंदा जिले के राजगीर में शुरू होगी। बैठक में देश के 23 राज्यों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। बैठक के पहले दिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्विरोध पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर मुहर लगेगी। राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन परिसर में दो दिनों की बैठक के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार का खुले सत्र में भाषण होगा। मुख्यमंत्री को पार्टी की कमान सौंपे जाने के बाद जद (यू) को राष्ट्रीय पार्टी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। नीतीश के मौजूदा कार्यकाल में अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और वर्ष 2019 में लोकसभा के चुनाव होने हैं।