Humanitarian initiative of Krishnaganj MLA on Gede border amid Indo-Pak tension-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत-पाक तनाव के बीच गेदे सीमा पर कृष्णगंज विधायक की मानवीय पहल

khaskhabar.com: रविवार, 11 मई 2025 10:56 PM (IST)
भारत-पाक तनाव के बीच गेदे सीमा पर कृष्णगंज विधायक की मानवीय पहल
नदिया। कृष्णगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक आज गेदे सीमा का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कहाकि यह दौरा केवल एक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि एक मानवीय कर्तव्य है। आज का जनप्रतिनिधि जनता के साथ खड़ा है। वर्तमान भारत-पाकिस्तान के तनावपूर्ण हालातों में देश के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों में केंद्र सरकार के निर्देश पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नदिया एक सीमावर्ती ज़िला है, जो भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा का हिस्सा है। इसी संदर्भ में कृष्णगंज के विधायक अशिष कुमार विश्वास ने आज गेदे सीमा का दौरा किया। गेदे एक ऐसा अंतरराष्ट्रीय सीमा बिंदु है, जो न केवल भूगोल की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि व्यापार और निर्यात के लिए भी अत्यंत अहम भूमिका निभाता है। भारत-बांग्लादेश के बीच मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन और मालवाहक रेलगाड़ियाँ इसी मार्ग से आती-जाती हैं। साथ ही, पासपोर्ट और वीजा के माध्यम से दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र भी यही स्टेशन है। पिछले वर्ष बांग्लादेश की अशांत परिस्थितियों के बाद से, भारत के वर्तमान युद्धकालीन परिप्रेक्ष्य में गेदे सीमा पर तस्करी और घुसपैठ की घटनाएँ सामने आई हैं। इसी कारण बीएसएफ इस क्षेत्र पर विशेष निगरानी बनाए रखती है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान के दौरे पर पहुंचे विधायक ने बीएसएफ अधिकारियों से सुरक्षा और निगरानी को लेकर चर्चा की। उन्होंने भारतीय जवानों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानपूर्वक हाथ मिलाया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से बीएसएफ हर गतिविधि पर बारीकी से नज़र रख रही है, यह बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने यह भी सराहा कि कैसे बीएसएफ स्थानीय लोगों से सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर हम सभी सबसे पहले इंसान हैं और हर किसी को अपने देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। भारत सदा से शांति का संदेश देता आया है, लेकिन यदि भारत माता के सम्मान पर कोई आघात करता है, तो देश की सेना उसका माकूल जवाब देना जानती है।
इस दौरान बांग्लादेश से इलाज के लिए भारत आई एक महिला ने कहा कि किसी भी महिला के सिन्दूर को देखकर उसे गलत नजर से देखना निंदनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान और अल्लाह एक ही हैं, हमारे शरीर में एक ही लाल रंग का खून बहता है हम सबका एक ही परिचय है, और वह है मानवता। उन्होंने बताया कि भारतीय डॉक्टरों ने उनकी चिकित्सा जिस तरह की, वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगी। विधायक से मुलाकात कर उन्हें बहुत अच्छा लगा, उन्होंने उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, ज़ीरो प्वाइंट पर मौजूद बांग्लादेशी नागरिकों ने भारतीय विधायक से हाथ मिलाया और आत्मीयता प्रकट की। सीमा क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने विधायक की उपस्थिति को सराहा और कहा कि एक कर्मठ जनप्रतिनिधि को अपने बीच पाकर उन्हें आत्मबल की अनुभूति हुई।
दूसरी ओर, भारत आए एक बांग्लादेशी नागरिक ने भारत-पाक युद्ध की स्थिति पर कहा कि दोनों देशों के आम नागरिक पड़ोसी हैं, और शांति से रहना ज़रूरी है। गलत कार्य के खिलाफ कदम ज़रूर उठाए जाएं, लेकिन आम लोगों की शांति बनी रहे। अंततः कहा जा सकता है कि युद्ध जैसे हालातों में कृष्णगंज विधायक की यह पहल राजनीति से ऊपर उठकर एक मानवीय प्रतिनिधि की भूमिका में सामने आई है, जिसे राजनीतिक हलकों में भी सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement