Humanitarian crisis deepens in Sudan, drone attacks hamper aid delivery: UN-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सूडान में गहराया मानवीय संकट, ड्रोन हमलों से मदद पहुंचाना हुआ मुश्किल: संयुक्त राष्ट्र

khaskhabar.com: मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 12:52 PM (IST)
सूडान में गहराया मानवीय संकट, ड्रोन हमलों से मदद पहुंचाना हुआ मुश्किल: संयुक्त राष्ट्र
न्यूयॉर्क । संयुक्त राष्ट्र ने सूडान की वर्तमान स्थिति को लेकर चिंता जताई है। यूएन कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बताया कि देश के कई हिस्सों में आम लोग संघर्ष और ड्रोन हमलों का दर्द झेल रहे हैं। वहां से आम नागरिकों की मौत, लोगों के विस्थापित होने और मानवीय हालात के और खराब होने की खबरें आ रही हैं। संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से बताया कि रविवार को खार्तूम के ओम्दुरमान और जेबेल अवलिया इलाकों में ड्रोन हमलों ने रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया। इनमें चार आम नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सिंहुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ओसीएचए ने बताया कि इस दौरान संयुक्त राष्ट्र की एक इमारत को भी नुकसान पहुंचा, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
सूडान में संयुक्त राष्ट्र की मानवीय समन्वयक डेनिस ब्राउन ने सप्ताहांत में जारी बयानों में मानवीय सहायता कर्मियों और संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर फिक्र जताई। ​​उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार हो रहे ड्रोन हमलों का आम नागरिकों पर विनाशकारी असर पड़ रहा है।
इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने कहा कि कोर्डोफान में असुरक्षा के कारण आम नागरिकों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, सप्ताहांत में पश्चिमी कोर्डोफान के अबू जबाद इलाके में स्थित अबू गालिब गांव से 6,400 से अधिक लोग पलायन कर गए।
वर्ल्ड फूड प्रोग्राम (डब्ल्यूएफपी) ने बताया कि बढ़ती कीमतों और कम बारिश के कारण पूरे सूडान में खाद्य असुरक्षा की स्थिति और गंभीर होती जा रही है। अक्टूबर में, डब्ल्यूएफपी की 'लोकल फूड बास्केट' (स्थानीय खाद्य टोकरी) की लागत सितंबर के मुकाबले 24 प्रतिशत बढ़ गई।
ओसीएचए ने बताया कि यूएन ने दानदाताओं से जीवन रक्षक सामग्री और बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए फंडिंग बढ़ाने की अपील की है। साथ ही यह भी बताया कि सूडान के लिए की गई मानवीय अपील के तहत अब तक केवल 51 प्रतिशत फंड ही मिल पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय समूहों के अनुसार, 22 नवंबर को सूडान की राजधानी खार्तूम में हुए ड्रोन हमलों ने चार लोगों की मौत हो गई और लगभग 10 अन्य घायल हो गए। इन हमलों में संयुक्त राष्ट्र के परिसर को भी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय समूहों के मुताबिक, जेबेल अवलिया इलाके में एक घर पर ड्रोन गिरने से 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं, उत्तरी ओम्दुरमान शहर में एक घर पर ड्रोन गिरने से तीन लोगों की जान चली गई और करीब 10 अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने सिंहुआ को बताया कि रविवार को उन्होंने कई धमाकों की आवाजें सुनीं। उन्होंने बताया कि खार्तूम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी ड्रोन हमले की कोशिश की गई, जिन्हें एयर डिफेंस सिस्टम ने रोक दिया।
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सामने आए कुछ अपुष्ट वीडियो फुटेज में पूर्वी खार्तूम में एक ड्रोन को गिरते हुए देखा जा सकता है।
सूडान में संयुक्त राष्ट्र की रेजिडेंट और मानवीय समन्वयक डेनिस ब्राउन ने बताया कि राजधानी के एक रिहायशी इलाके में हुए ड्रोन हमलों में संयुक्त राष्ट्र के परिसर को नुकसान पहुंचा, उस समय वहां संयुक्त राष्ट्र के कई कर्मचारी मौजूद थे।
एक बयान में, ब्राउन ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून मानवीय सहायता कर्मियों और उनकी संपत्तियों की सुरक्षा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि इन ड्रोन हमलों के कारण आम नागरिकों की मौत हो रही है और उन्हें भारी पीड़ा झेलनी पड़ रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement