khaskhabar.com: शुक्रवार, 20 जनवरी 2017 8:39 PM (IST)
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उस समय बड़ी राहत मिली जब पटना
हाईकोर्ट ने शुक्रवार को शराबबंदी के समर्थन में शनिवार को बनने जा रही
मानव शृंखला कार्यक्रम पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसी के साथ पिछले दो
दिन से बना अनिश्चितता का माहौल खत्म हो गया है। हाईकोर्ट ने शुक्रवार को
इस मामले की सुनवाई के दौरान राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को
तलब किया गया था।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मुख्य सचिव को दिशा-निर्देश
दिया कि मानव शृंखला में भाग न लेने पर किसी पर कार्रवाई नहीं हो। राज्य
सरकार ने भी इस सुनवाई से पहले ही राज्य के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश
दिया था कि पूरा आयोजन खुशनुमा माहौल में होना चाहिए और भाग लेने के लिए
किसी पर दबाब नहीं डाला जाना चाहिए। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान राज्य
सरकार के दोनों आला अधिकारियों ने कोर्ट को यातायात, खासकर राज्य मार्गों
और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन सामान्य रखने का आश्वासन दिया।