रोहतक । सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि आरक्षण आंदोलन के दौरान हिंसा की जांच स्वतंत्र एजेंसियों को दी गई है। ऐसा नहीं है कि हुड्डा जो कहेंगे, वही मानेंगे। प्रदेश सरकार को सभी जांच एजेंसियों पर भरोसा है। यहां कैनाल रेस्ट हाउस में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने हुड्डा के बयान पर पलटवार किया। सीएम ने कहा कि जांच एजेंसी कई हैं। जिन्हें जांच दी गई है, वे स्वतंत्र एजेंसी हैं। प्रदेश सरकार का भरोसा सब एजेंसियों पर है। इसलिए जिद के नाते किसी बात को लेकर बैठेंगे तो अच्छा नहीं है। सरकार ने चाहे झा कमीशन हो या फिर प्रकाश कमेटी की रिपोर्ट हो, उस पर कार्रवाई की है और कुछ पर रिपोर्ट मांगी गई है। रोहतक में सिर्फ तीन केस की सीबीआई जांच के सवाल पर खट्टर ने कहा कि जिसको शिकायत होती है और जो मांग करता है, उसी आधार पर ही सीबीआई जांच की सिफारिश की जाती है। और कोई मांग करेगा तो वो भी जांच सीबीआई को दी जा सकती है। सीबीआई का काम असली अपराधियों तक पहुंचना है।