khaskhabar.com: शनिवार, 20 अगस्त 2016 6:00 PM (IST)
हरियाणा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को शटलर पीवी सिंधु, जिम्नास्ट दीपा कारमाकर तथा स्प्रिंटर ललिता बाबर को रियो ओलिंपिक-2016 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने महिला पहलवान साक्षी मलिक के कोच को भी नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। देश की पहली बैडमिंटन की महिला खिलाड़ी पीवी सिंधु ने रियो ओलिंपिक में रजत पदक हासिल किया है। इस उपलब्धि पर सिंधु को 50 लाख रुपए का नकद पुरस्कार, जबकि ललिता बाबर और दीपा कारमाकर को 15-15 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। महिला पहलवान साक्षी मलिक के कोच को 10 लाख रुपए की राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। राज्य सरकार की खेल नीति के अंतर्गत साक्षी मलिक को 2.5 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार से भी नवाजा जाएगा। नीति के अंतर्गत ओलिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़ रुपए, रजत के लिए 4 करोड़ तथा कांस्य पदक के लिए 2.5 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।