Government will compensate for the loss of crops due to floods in Bihar-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिहार में बाढ़ से फसलों के हुए नुकसान की सरकार करेगी भरपाई

khaskhabar.com: शनिवार, 14 अगस्त 2021 5:30 PM (IST)
बिहार में बाढ़ से फसलों के हुए नुकसान की सरकार करेगी भरपाई
पटना। बिहार में इस साल आई बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। सरकार फसलों की हुई क्षति का आकलन करवा कर किसानों को इसके लिए मदद करेगी। बिहार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बाढ़ के कारण, अत्यधिक बारिश के कारण कई जिलों में फसल खराब हो गई। उन्होंने कहा कि फसलों को हुए नुकसान का आकलन करके उसकी क्षतिपूर्ति की भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों यास तूफान में हुई फसलों की क्षति का आकलन कर विभाग ने क्षतिपूर्ति का कार्य प्रारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी राज्य के सभी बाढ़ प्रभवित इलाकों में हुई क्षति तथा किसानों के धान की रोपनी के नुकसान का जल्द आकलन कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। साथ ही कहा है कि प्रभावित लोगों से संपर्क बनाए रखें और पूरी तत्परता से सभी लोगों की सहायता करें।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने भोजपुर और सारण जिले के बाढ़ प्रभवित इलाकों का जायजा लिया था।
पटना जिला आपदा शाखा का कहना है कि गंगा, सोन और पुनपुन में आई बाढ़ के कारण पटना जिले के 10 प्रखंडों में 1 लाख 58 हजार एकड़ में लगी फसल को नुकसान हुआ है। दियारा क्षेत्र में सब्जी और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में गंगा सहित सभी प्रमुख नदियों के जलस्तर में हुई वृद्धि के बाद राज्य के 15 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पटना के रिहाइशी इलाकों में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग उंचे स्थानों पर जा रहे हैं। गंगा के किनारे रहने वालों के घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।
दानापुर के दियारा क्षेत्र के लोग राहत शिविरों में पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से राहत शिविर बनाए गए हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement