Dispose of all pending cases of corona assistance on priority - Dr. Samit Sharma-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:13 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कोरोना सहायता के सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करें - डॉ. समित शर्मा

khaskhabar.com: शनिवार, 15 अक्टूबर 2022 07:41 AM (IST)
कोरोना
सहायता के सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करें - डॉ. समित शर्मा
जयपुर । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के शासन सचिव डॉ समित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों और जिलाधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभागीय योजनाओं की प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना में डॉ शर्मा ने कोविड-19 से अनाथ हुए बच्चों एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के विभिन्न संस्थानों में आवास कर रहे आवासियों के साथ दीपावली हर्ष उल्लास के साथ मनाए जाना सुनिश्चित कराने के निर्देश प्रदान किए। डॉ शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोरोना सहायता योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराये। उन्होंने जिलाधिकारी एवं भुगतान स्तर पर लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को सभी संभावित अपात्र पेंशनरों का भौतिक सत्यापन डाटा एनालिटिक्स टूल के आधार पर 30 नवम्बर से पूर्व करवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिलों में फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कई अपात्र व्यक्तियों द्वारा पेंशन प्राप्त की जा रही है। इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा डाटा एनालिटिक्स टूल तैयार किया गया है। इस टूल में एक ही पेंशनर द्वारा अपनी जन्मतिथि में कई बार परिवर्तन करना, पेंशन प्राप्त करने के दौरान ही अपनी आय में परिवर्तन करना, जनाधार में बार-बार पीपीओ संख्या बदलना, एक ही जनाधार से 3 या 3 से अधिक व्यक्तियों द्वारा पेंशन प्राप्त करना तथा राजकीय सेवा में रहते हुए पेंशनर प्राप्त करना जैसे तथ्यों के आधार पर संभावित अपात्र प्रकरणों को भौतिक सत्यापन हेतु चयनित किया गया है।
उन्होंने विभाग के समस्त कार्यालयों में आमजन को समय पर राजकीय सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु अटेंडेंस मॉनिटरिंग सिस्टम Raj SSO AMS mobile app के माध्यम से दैनिक उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए हैं । शासन सचिव ने नियमित उपस्थिति नहीं भेजने वाले, देरी से कार्यालय में आने व समय पूर्व कार्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। शासन सचिव ने रैंकिंग एवं ग्रेडिंग में शीर्ष पांच में स्थान प्राप्त करने वाले जिलाधिकारियों को बधाई दी। विभाग के निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव श्री हरि मोहन मीना ने बजट घोषणाओं में स्वीकृत समस्त छात्रावासों के भवन निर्माण हेतु भूमि का आवंटन शीघ्र कराये जाने के निर्देश दिये और भवन निर्माण तक किराए के भवनों में छात्रावासों का संचालन किए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने विभागीय छात्रावासों में मैस व्यवस्था एवं सुधार एवं विस्तार के लिए 58 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत राशि का छात्रावासों की मैस के आधुनिकीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर व्यय की प्रगति की समीक्षा की और सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने छात्रावासों में विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी का चयन करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने पालनहार योजना के तहत पालनहारों एवं बच्चों का वार्षिक नवीनीकरण से लंबित सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
मीना ने आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश के साथ कन्यादान योजना के तहत प्रकरणों की जांच कर स्वीकृति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एट्रोसिटी के प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न योजना प्रभारी उपस्थित रहे। समस्त जिलास्तरीय अधिकारी, ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी एवं छात्रावास अधीक्षक वीडियो कांफ्रेस से बैठक में शामिल हुए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement