Discussion on Integral Humanism at JNV University on Deendayal Upadhyay Birth Anniversary-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 27, 2026 10:58 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जेएनवीयू में दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर एकात्म मानववाद पर परिचर्चा

khaskhabar.com: शनिवार, 27 सितम्बर 2025 4:26 PM (IST)
जेएनवीयू में दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर एकात्म मानववाद पर परिचर्चा
जोधपुर। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय (जेएनवीयू) के राजनीति विज्ञान विभाग और महिला अध्ययन केंद्र की ओर से शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर “एकात्म मानववाद के 60 वर्ष: पं. दीनदयाल उपाध्याय की दृष्टि और समकालीन भारत” विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विचार-विमर्श के दौरान यह मत प्रमुखता से उभरा कि भारत का राष्ट्र जीवन सदा से संस्कृति और मानवीय मूल्यों पर आधारित रहा है। स्वतंत्रता के बाद भारत के सामने चुनौती थी—पश्चिमी पूंजीवाद या साम्यवादी समाजवाद अपनाने की। इसी संदर्भ में 1965 में पं. दीनदयाल उपाध्याय ने ‘एकात्म मानववाद’ की अवधारणा प्रस्तुत की थी। वक्ताओं ने कहा कि आज, जब भारत वसुधैव कुटुम्बकम् और सर्वे भवन्तु सुखिनः की दिशा में विश्व को नेतृत्व दे रहा है, तब इस विचारधारा की प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक डॉ. विजयश्री ने कहा कि एकात्म मानववाद मानव जीवन के चार आयाम—शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा—की समग्रता पर बल देता है। इसके विपरीत पश्चिमी विचारधाराएँ केवल शरीर और बुद्धि की भौतिक उन्नति तक सीमित हैं। यह न व्यक्ति-केन्द्रित है, न राज्य-केन्द्रित, बल्कि समाज और संस्कृति-केन्द्रित विचारधारा है। इसमें नारी–पुरुष समभाव का भी विशेष स्थान है।
मुख्य अतिथि डॉ. रामदयाल पंकज ने कहा कि आज 60 वर्ष बाद भी एकात्म मानववाद की प्रासंगिकता अक्षुण्ण है। भारत आज जी20, जलवायु परिवर्तन और एसडीजी जैसे वैश्विक मुद्दों पर नेतृत्व दे रहा है, जो इसी दर्शन का विस्तार है। केंद्र सरकार का मंत्र—“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास”—दरअसल एकात्म मानववाद का आधुनिक रूप है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. दिनेश राठी ने कहा कि अमृतकाल (2025–2047) में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पं. दीनदयाल उपाध्याय की दृष्टि से प्रेरित है। उनके अनुसार एकात्म मानववाद केवल राजनीतिक दर्शन नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन है, जो बताता है कि राष्ट्र की प्रगति का आधार केवल GDP नहीं, बल्कि मानव गरिमा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना है।
कार्यक्रम में डॉ. दिनेश गहलोत, डॉ. नागेंद्र सिंह भाटी सहित कई शिक्षक, अतिथि शिक्षक, कला संकाय के विद्यार्थी एवं आमंत्रित बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement