Advertisement
देवरिया कांड : सियासत गरमाई, भाजपा सपा आमने सामने

बीते दिन मृतक सत्य प्रकाश दुबे और उनके परिवार के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कई हजार लोग जुटे थे। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने सपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि ये लोग मेरे ऊपर जातिवादी होने और हत्या करवाने का आरोप लगा रहे हैं। मैं इन्हें 1000 बार जांच कराने की चुनौती देता हूं। भाजपा विधायक के इस बयान पर अब सपा नेता शिवपाल यादव की प्रतिक्रिया आई है।
शिवपाल यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि विधायक जी, सपा तो विपक्ष में है। आप सियासी रोटी सेंकना बंद कर प्रशासन की जवाबदेही व जिम्मेदारी तय करा लें और अगर पीड़ितों को निष्पक्ष न्याय दिलाने की आप में हैसियत हो तो न्याय जरूर दिला दें।
इस पर दोबारा एक्स पर शलभ मणि ने जवाब दिया कि शिवपाल जी, आपकी सरकार का आतंक लोग भूले नहीं, ये पूरा विवाद ही 2014 से है, जब आप सत्ता के मद में अन्याय करा रहे थे। जवाहरबाग से लेकर देवरिया तक जमीनें कब्जा करवा रहे थे। आज भी सपा भले विपक्ष में है, पर अराजकता ही इसकी पहचान है, योगी जी की सरकार है, इसीलिए न्याय की उम्मीद है। बाकी फिर कहता हूं, एक हजार मुकदमे करा लीजिए, या धमकियां दिलवा लीजिए, न डरा हूं, न डरूंगा, गुंडों को गुंडा कहूंगा, भू माफिया को भूमाफिया।
उधर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस मामले पर भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है। देवरिया की घटना के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पूरी की पूरी गलती भाजपा सरकार की है। फिर भी भाजपा देवरिया की घटना का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। दोनों परिवार न्याय के लिए कई बार सरकार के अधिकारियों से मिले। लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। इस घटना में जिन लोगों ने न्याय नहीं किया, वो दोषी हैं।
बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में दो अक्टूबर को छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसकी तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले में दोनों पक्षों ने मुकदमा दर्ज करवाया है।
सत्य प्रकाश दुबे की बड़ी बेटी की ओर से 27 नामजद और 50 अज्ञात सहित 77 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, प्रेमचंद यादव की पक्ष की तरफ से सत्य प्रकाश समेत दुबे परिवार के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। हालांकि, उन सभी की हत्या हो चुकी है।
(आईएएनएस)
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
लखनऊ
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


