Advertisement
सीडब्ल्यूजी 2026: भारतीय दल को शानदार विदाई, ग्लासगो के लिए ऑफिशियल किट का अनावरण

पीटी उषा ने कहा, "आज भारतीय खेलों के लिए एक और गर्व भरे अध्याय की शुरुआत हो रही है। भारत की जर्सी पहनने वाले हर एथलीट ने वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और त्याग से यह मौका हासिल किया है। जब वे ग्लासगो के लिए रवाना हो रहे हैं, तो वे अपने साथ एक अरब भारतीयों की उम्मीदें और हमारे खेल कल्चर को परिभाषित करने वाले मूल्य लेकर जा रहे हैं। मैं इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की तरफ से टीम इंडिया के हर सदस्य को शुभकामनाएं देती हूं।"
भारत में ब्रिटिश हाई कमिश्नर लिंडी कैमरून ने कहा, "मुझे खुशी है कि मैं ग्लासगो जाने वाली टीम इंडिया को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं दे सकी। ये गेम्स न केवल एथलेटिक उत्कृष्टता को दिखाएंगे, बल्कि कॉमनवेल्थ की एकता, विविधता और अटूट भावना को भी प्रदर्शित करेंगे। खेल यूके और भारत के लोगों के बीच संबंधों का एक बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुझे पता है कि भारत पहले से ही 2030 में होने वाले शताब्दी गेम्स के लिए अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ खेल समुदाय का स्वागत करने की तैयारी कर रहा है। हम यूके में भारत के स्टार एथलीट्स का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं और उनके सफल होने की कामना करते हैं।"
विदाई समारोह के दौरान खिलाड़ियों की आधिकारिक किट का अनावरण किया गया। खिलाड़ियों ने औपचारिक और प्रतियोगिता पोशाक पहनकर रैंप वॉक किया। इस अवसर पर वर्तमान और पूर्व कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेताओं के साथ संवाद भी हुआ।
प्रसिद्ध डिजाइनर आकिब वानी द्वारा डिजाइन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की आधिकारिक किट 'इनविजिबल ट्रैजेक्ट्रीज' की अवधारणा से प्रेरित है। यह डिजाइन खिलाड़ियों की गति, सटीकता और लय को दर्शाता है। जर्सी की हर रेखा और वक्र खिलाड़ियों के प्रयास, उत्कृष्टता और टीम इंडिया की महानता की निरंतर खोज का प्रतीक है।
ग्लासगो गेम्स के लिए, भारत 124 प्रतिस्पर्धियों का एक मजबूत दल भेज रहा है, जिसमें पैरा-एथलीट भी शामिल हैं। यह टीम 10 खेलों में हिस्सा लेगी, जिनमें एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, जूडो, जिम्नास्टिक्स, साइक्लिंग, लॉन बॉल और स्विमिंग के साथ-साथ पैरा-एथलेटिक्स, पैरा-व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा-पावरलिफ्टिंग, पैरा-स्विमिंग और पैरा-ट्रैक साइक्लिंग शामिल हैं।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


