Cleaning will come to a standstill if Shri Shyam Associates gets the contract: Employee Union warns Municipal Council-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Dec 12, 2025 2:13 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

श्री श्याम एसोसियेट्स को ठेका मिला तो सफाई ठप्प होगी: नगर परिषद को कर्मचारी यूनियन की चेतावनी

khaskhabar.com: बुधवार, 29 अक्टूबर 2025 2:17 PM (IST)
श्री श्याम एसोसियेट्स को ठेका मिला तो सफाई ठप्प होगी: नगर परिषद को कर्मचारी यूनियन की चेतावनी
श्रीगंगानगर। नगर परिषद, श्रीगंगानगर में सफाई ठेके को लेकर सफाई कर्मचारी यूनियन ने कड़ा रुख अपना लिया है। यूनियन ने बुधवार को नगर परिषद प्रशासक एवं एडीएम सुभाष कुमार तथा आयुक्त रविन्द्र सिंह यादव को ज्ञापन सौंपकर साफ चेतावनी दी है कि यदि श्री श्याम एसोसियेट्स (जींद, हरियाणा) नामक फर्म को शहर की सफाई का ठेका दिया गया, तो सफाई व्यवस्था ठप्प करके हड़ताल और धरना प्रदर्शन किया जाएगा। अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष उमेश वाल्मीकि और जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में यूनियन ने श्री श्याम एसोसियेट्स के पुराने रिकॉर्ड पर गंभीर आरोप लगाए। पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में जब इस फर्म ने नगर परिषद, श्रीगंगानगर का सफाई ठेका लिया था, तब इसने गरीब सफाई श्रमिकों को वेतन पूरा नहीं दिया था और उनके पी.एफ. (Provident Fund) के रुपये जमा नहीं करवाए थे। इस कारण सफाई श्रमिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। यूनियन ने याद दिलाया कि फर्म के इस रवैये के विरोध में उस समय नगर परिषद में धरना प्रदर्शन करते हुए भूख हड़ताल की गई थी और सफाई व्यवस्था ठप्प कर दी गई थी। यूनियन ने दावा किया कि वर्तमान में भी उक्त फर्म की ओर सफाई श्रमिकों का पी.एफ. बकाया है। यूनियन अध्यक्ष उमेश वाल्मीकि और जिलाध्यक्ष अनिल धारीवाल ने परिषद प्रशासन से मांग की है कि फर्म श्री श्याम एसोसियेट्स को टेंडर न दिया जाए और उसे कार्यादेश जारी नहीं किए जाएं।
यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर ऐसा होता है, तो यूनियन द्वारा सफाई कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई व्यवस्था ठप्प कर दी जाएगी और हड़ताल-धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी परिषद् प्रशासन की होगी। शिष्टमंडल में पूर्व अध्यक्ष सेठी वाल्मीकि, विजय लक्खा, मोनी वाल्मीकि, विकास लोट, करण टाक, करण भाटिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement