Central Information Commission directs PMO to take a decision within 30 days after giving a fair hearing to IFS Sanjeev Chaturvedi-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

PMO को केंद्रीय सूचना आयोग का निर्देश, IFS संजीव चतुर्वेदी की निष्पक्ष सुनवाई कर 30 दिन में करे फैसला

khaskhabar.com: गुरुवार, 15 फ़रवरी 2024 08:01 AM (IST)
PMO को केंद्रीय सूचना आयोग का निर्देश, IFS संजीव चतुर्वेदी की निष्पक्ष सुनवाई कर 30 दिन में करे फैसला
नईदिल्ली। केंद्रीय सूचना आयोग ने एक ऐतिहासिक फैसले में प्रधान मंत्री कार्यालय को निर्देशित किया है कि आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी के मामले में उन्हें अपना पक्ष रखने का समुचित अवसर देते हुए निष्पक्ष सुनवाई करके 30 दिन में फैसला करें। आयोग ने प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रथम अपीलीय अधिकारी को यह भी निर्देश दिए हैं कि चतुर्वेदी के मामले में तर्क संगत और उचित आदेश पारित किया जाए। उल्लेखनीय है कि आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी ने सितंबर 2022 में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय से कुछ सूचनाएं मांगी थीं। ये सूचनाएं नईदिल्ली एम्स में हुए भ्रष्टाचार के मामलों से संबंधित थीं। भ्रष्टाचार के इन प्रकरणों में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने जांचों को रोकने के लिए पत्र लिखे थे। इस पर चतुर्वेदी ने एम्स के सीवीओ पद से हटाए जाने को लेकर जेपी नड्डा की भूमिका की जांच के के संबंध में 26 सितंबर, 2014 को प्रधानमंत्री कार्यालय को एक पत्र लिखा था। इस पत्र पर की गई कार्यवाही की जानकारी के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय से फाइल की नोटिंग और अन्य दस्तावेज आरटीआई के तहत मांगे थे। बता दें कि आईएफएस अधिकारी की शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने उसी वर्ष 8 अक्टूबर को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद वर्ष 2015 में 10 फरवरी को एक स्मरण पत्र भी भेजा गया था। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में 23 अगस्त को तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को एम्स के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पद से आईएफएस अधिकारी संजीव चतुर्वेदी को रिलीव किए जाने के संबंध में फोन किया था। इसके आधार पर अगले माह चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत भेजी थी।
वर्ष 2022 में 18 अक्टूबर को प्रधानमंत्री कार्यालय के सीपीआईओ ने चतुर्वेदी की आरटीआई के जवाब में तर्क दिया कि वस्तुस्थिति से उन्हें 6 मार्च, 2018 को ही सूचित किया जा चुका है। इसमें उन्हें बताया गया था कि चतुर्वेदी का पत्र कार्यवाही के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को भेज दिया गया है। इससे व्यथित होकर चतुर्वेदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रथम अपील दायर की थी।
चतुर्वेदी की अपील पर 2 दिसंबर को पारित आदेश में, प्रधानमंत्री कार्यालय में निदेशक सुश्री शोभना प्रमोद ने सीपीआईओ के आदेशों को बरकरार रखा था। इन आदेशों के खिलाफ, चतुर्वेदी ने केंद्रीय सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाया था। आयोग ने 1 फरवरी को सुनवाई की और आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिसे अंततः 12 फरवरी को सुनाया गया।
स्मरण रहे कि आईएसएफ अधिकारी संजीव चतुर्वेदी वर्ष 2012 से 2014 तक एम्स, नईदिल्ली में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) के पद पर तैनात थे। उन्होंने 200 से अधिक भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की थी। वर्तमान में वह उत्तराखडं में मुख्य वन संरक्षक के पद पर तैनात हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement