नई दिल्ली। सीबीएसई ने नौवीं और 11वीं कक्षा में किताब खोलकर परीक्षा देने
की व्यवस्था को वापस ले लिया है। यह नियम दो वर्ष पहले लागू किया गया था।
बोर्ड ने कहा कि इस साल से छात्र परीक्षा केंद्र में किताबें लेकर नहीं जा
सकेंगे। बोर्ड का मानना है कि इससे छात्रों की क्षमताओं के विकास में बाधा
आती है।
बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार खुली किताब आधारित मूल्यांकन (ओटीबीए)
व्यवस्था को लेकर स्कूलों से नकारात्मक फीडबैक मिल रही थी। बोर्ड ने
शैक्षणिक सत्र 2017-18 से नौंवी और 11वीं की अध्ययन योजना से ओटीबीए को
हटाने का फैसला किया है।
स्कूलों से मिल रही फीडबैक के अनुसार इस व्यवस्था
से छात्रों की अहम क्षमताओं के विकास में बाधा आ रही है।
मार्च 2014 में सीबीएसई ने ओटीबीए को कक्षा नौवीं की वार्षिक परीक्षा में
हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों के लिए लागू
किया था, जबकि 11वीं की वार्षिक परीक्षा में कुछ विषयों जैसे अर्थशास्त्र,
जीव विज्ञान और भूगोल के लिए भी ये व्यवस्था लागू की गई थी।