Advertisement
प्राथमिक शिक्षकों के लिए ब्रिज कोर्स, ऑनलाइन पढ़ाई और स्कूल में प्रशिक्षण

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने प्राथमिक शिक्षक शिक्षा में छह महीने का यह सर्टिफिकेट (ब्रिज) कोर्स लांच किया है। ब्रिज कोर्स में छह सैद्धांतिक पाठ्यक्रमों के साथ विद्यालय आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होगा। इसमें अभ्यास शिक्षण, चिंतनपरक डायरी और पोर्टफोलियो जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य शिक्षकों को केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय उसे कक्षा में लागू करने का अनुभव देना है। पाठ्यक्रम के जरिए शिक्षकों को छोटे बच्चों की अलग-अलग सीखने की जरूरतों को समझने और उनके अनुसार पढ़ाने के लिए तैयार किया जाएगा।
इसमें शिक्षण कौशल, दृष्टिकोण और अपने शिक्षण कार्य पर विचार करने की क्षमता विकसित करने पर जोर रहेगा। पाठ्यक्रम प्राथमिक कक्षाओं में सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आजीवन सीखने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षकों को सक्षम बनाने पर केंद्रित है। इस पाठ्यक्रम की पढ़ाई डिस्टेंस एजुकेशन के माध्यम से होगी। पढ़ाई के दौरान ऑनलाइन कार्यक्रम, विद्यालय आधारित प्रशिक्षण, वीडियो ट्यूटोरियल, ई-लर्निंग सामग्री और डिजिटल मंचों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे नौकरी के साथ शिक्षक अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। पाठ्यक्रम की पढ़ाई हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में होगी।
हालांकि, सार्वजनिक परीक्षा के सैद्धांतिक पेपर में शिक्षक संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में से किसी भी भाषा में उत्तर लिख सकेंगे। इसमें प्रवेश की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। पात्र शिक्षक एनआईओएस के आधिकारिक ब्रिज कोर्स पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे। उन्हें जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और निर्धारित डैशबोर्ड के जरिए अपने प्रवेश की स्थिति भी देख सकेंगे।
पाठ्यक्रम की अध्ययन सामग्री डिजिटल रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षकों को ऑडियो, वीडियो और अन्य इंटरैक्टिव सामग्री जैसी अतिरिक्त शैक्षणिक सुविधाएं भी ऑनलाइन मिलेंगी। इस तरह ब्रिज कोर्स में पढ़ाई के साथ कक्षा में उसके व्यावहारिक इस्तेमाल पर भी खास जोर दिया गया है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


