Ajmer Municipal Corporation: BJP Anamika Sharma and Congress Kiran Garhwal-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 13, 2026 6:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अजमेर नगर निगम : मेयर पद के लिए भाजपा से अनामिका शर्मा और कांग्रेस से किरण गढ़वाल आमने-सामने

khaskhabar.com: बुधवार, 16 सितम्बर 2026 2:06 PM (IST)
अजमेर नगर निगम : मेयर पद के लिए भाजपा से अनामिका शर्मा और कांग्रेस से किरण गढ़वाल आमने-सामने
कांग्रेस पार्षदों को फ्लाइट से बाहर ले गई, भाजपा का जयपुर में डेरा अजमेर। अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के नतीजे आने के बाद अब महापौर (मेयर) की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान चरम पर पहुंच गया है। दोनों प्रमुख दलों ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अनामिका शर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि कांग्रेस ने किरण गढ़वाल पर दांव खेला है। 36 साल बाद बोर्ड बनाने की दहलीज पर खड़ी कांग्रेस और सत्ता बरकरार रखने की जुगत में लगी भाजपा के बीच मुकाबला 11 निर्दलीय पार्षदों के समर्थन पर टिक गया है। उम्मीदवारों की प्रोफाइल: नया चेहरा बनाम मजबूत सियासी पृष्ठभूमि
अनामिका शर्मा (भाजपा): लघु उद्यमी अनामिका शर्मा पहली बार चुनाव जीतकर आई हैं और राजनीति में नया चेहरा हैं। वे भाजपा नेता सीताराम शर्मा की पुत्रवधू हैं, जिन्हें विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का करीबी माना जाता है। उनके पति मनीष शर्मा अजमेर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं। 10वीं पास अनामिका की कुल घोषित संपत्ति 37.61 लाख रुपये है।
किरण गढ़वाल (कांग्रेस): सामान्य महिला आरक्षित वार्ड 57 से भाजपा की नीतू सिंह को 284 मतों से हराकर जीतने वाली किरण गढ़वाल ग्रेजुएट हैं। उनकी कुल संपत्ति 11.59 करोड़ रुपये है। वे गृहिणी हैं, जबकि उनके पति दिलीप गढ़वाल कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं और मैरिज गार्डन के कारोबार से जुड़े हैं।
पार्षदों की बाड़ेबंदी: कांग्रेस ने भरी उड़ान, भाजपा जयपुर में
अजमेर के 80 वार्डों में कांग्रेस 37 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है, जबकि भाजपा 32 सीटों पर सिमट गई है। किसी भी दल को अपने दम पर 41 के जादुई बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं हुआ है।
क्रॉस वोटिंग रोकने की कवायद: कांग्रेस ने जोड़-तोड़ से बचने के लिए अपने पार्षदों को फ्लाइट से प्रदेश के बाहर भेज दिया है।
भाजपा की रणनीति: भाजपा ने अपने सभी 32 पार्षदों को जयपुर के एक होटल में बाड़ेबंदी में रखा है।
निर्दलियों की भूमिका निर्णायक, 21 सितंबर को फैसला
मेयर की कुर्सी का फैसला अब 11 निर्दलीय पार्षदों के रुख पर निर्भर करेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार बुधवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 17 सितंबर को नामांकनों की जांच और 18 सितंबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी होगी। 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement