भोपाल। नई दिल्ली से भोपाल आने वाली एयर इंडिया की एक उड़ान में शुक्रवार को यात्रियों को कथित तौर पर दूषित खाना परोसे जाने का मामला सामने आया है। इस विमान में समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद चौधरी मुनव्वर सलीम भी यात्रा कर रहे थे। यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह वे एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-435 में सवार होकर दिल्ली से भोपाल आ रहे थे। इस दौरान उन्हें खाना दिया गया। जब उन्होंने उसे खाना चाहा तो उन्हें उसमें कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई। इस बात की शिकायत कर्मचारियों से की गई तो पुरुष कर्मियों का रवैया भी ठीक नहीं था। इसकी शिकायत यात्रियों ने विमानतल के अधिकारियों से भी की है।