Advocates should come forward to provide justice to the victims and the deprived: Manohar Lal-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
May 18, 2025 6:21 pm
Location

पीड़ित और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए अधिवक्ता आएं आगे : मनोहर लाल

khaskhabar.com: शनिवार, 16 सितम्बर 2023 6:26 PM (IST)
पीड़ित और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए अधिवक्ता आएं आगे : मनोहर लाल
सिरसा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वकीलों से आह्वान किया है कि वे पीड़ितों और वंचितों को न्याय दिलवाने के लिए आगे आएं। किसी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, इसका दायित्व निभाते हुए अधिवक्ता निष्ठा भाव से कार्य करें।

मुख्यमंत्री शनिवार को बार एसोसिएशन सिरसा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक गोपाल कांडा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन की मांग पर बार एसोसिएशन में क्रेच की व्यवस्था करने सहित दूसरे प्रकार के कार्यों के लिए 31 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला में दूसरी अन्य बार एसोसिएशन को भी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बार एसोसिएशन सिरसा के 50 वर्ष से भी अधिक समय से प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ताओं को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहाकि विधान पालिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और मीडिया की अपनी एक भूमिका है, ये सभी स्तंभ एक दूसरे के पूरक हैं।
विधानपालिका लोगों के हित में कानून का निर्माण करती है और न्यायपालिका उस कानून का विश्लेषण करती है। कानून की पालना संविधान के अनुरूप करवाना भी न्यायपालिका का काम है। उन्होंने कहा कि विधानपालिका, कार्यपालिका में एक सामंजस्य का काम न्यायपालिका द्वारा किया जा रहा है, उसमें वकीलों की अपनी एक महत्वपूर्ण भूमिका है।
वे स्वयं भी वकील के रूप में कर रहे सेवा :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहाकि वे स्वयं भी एक वकील के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। वे समाज के गरीब और पीड़ित व्यक्ति के वकील के रूप में पैरवी करके उन्हें न्याय दिलवाने के लिए सेवा कर रहे हैं। गरीब का अधिकार कोई न छीन और उसे न्याय के लिए न भटकना पड़े, उसके लिए सरकार अंत्योदय की भावना के आधार पर काम कर रही है। सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को न्याय और हक देने का काम कर रही है।
गरीब को न्याय दिलवाने की चिंता करें अधिवक्ता:
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वकालत करने के नाते अधिवक्ता एक समाजसेवा का भी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को चाहिए कि जिनके पास न्याय प्राप्त करने के साधन नहीं है और वे न्याय से वंचित हो रहे हैं तो ऐसे पीड़ितों की अधिवक्ताओं को चिंता करनी चाहिए और उन्हें न्याय दिलवाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को फीस के बिना भी गरीबों के लिए भी केस लडऩा चाहिए। सरकार भी लीगल एड के माध्यम से वंचितों और जरूरतमंदों को कानूनी सहायता दे रही है। अधिवक्ताओं को भी चाहिए कि वे इस कार्य में अपना अपेक्षित सहयोग जरूर दें।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता गणेश सेठी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया और बार एसोसिएशन की मांगों के बारे में अवगत करवाया। इस मौके पर जगदीश चोपड़ा, प्रदीप रातुसरिया, गोविंद कांडा सहित अधिवक्ता व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement