कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध शिक्षाविद हिम्मत सिन्हा को स्वतंत्रता सेनानी डा. शांति स्वरूप अवार्ड से नवाजा गया। यह आयोजन हरियाणा पत्रकार कल्याण मंच की ओर से किया गया था। जिसमें मुख्यमंत्री के ओएसडी अमरेन्द्र सिंह ने सिन्हा को अवार्ड देकर सम्मानित किया। हरियाणा पत्रकार कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष पवन आश्री ने बताया कि यह अवार्ड पिछले कई वर्षों से मंच द्वारा उस व्यक्ति को दिया जाता है जिसने समाज में ऐसे कार्य किए हो जिनसे आमजन लाभान्वित हुआ हो। उन्होंने बताया कि हिम्मत सिन्हा ने अपने कार्यकाल में अपने वेतन से कई छात्रों की शिक्षा प्रदान करने के लिए न केवल आर्थिक योगदान दिया बल्कि कई छात्रों को अपने घर में रखकर उच्च शिक्षा दिलाई। गौरतलब है कि इससे पहले मंच द्वारा के एल सचदेवा इस्माईलाबाद तथा सुंदर लाल शाहाबाद को इस अवार्ड से नवाजा जा चुका है।