अच्छा संगीत बनाना है तो भेडचाल से निकलना जरूरी: लेस्ली लुईस
khaskhabar.com: रविवार, 16 अप्रैल 2017 09:38 AM (IST)
कसौली (हिमाचल प्रदेश)। अलबम ‘परी हूं मैं’ से इंडीपॉप की शुरुआत करने वाले संगीतकार लेस्ली लुईस संगीत क्षेत्र में आए बदलाव से हैरान हैं। वह कहते हैं कि संगीत तेजी से बदल रहा है। रोज कुछ नया पेश करने की दौड में गानों की क्वालिटी के साथ समझौता हो रहा है। मैं इंडीपॉप के जरिए पाश्चात्य का पुट लेकर आया जो अब भी बरकरार है लेकिन अब एक अंधी दौड देखने को मिल रही है और इससे बाहर निकलने की जरूरत है। लेस्ली ने कसौली रिदम एंड ब्लूज महोत्सव से इतर आईएएनएस के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘मैंने जब परी हूं मैं और जानम समझा करो जैसे इंडीपॉप गाने शुरू किए तो संगीत क्षेत्र में बडा बदलाव देखने को मिला। आशाजी के साथ रिमिक्स ने एक क्रांति ही ला दी थी। ऋषि कपूर ने उस समय में इसकी जमकर तारीफ भी की थी। रिमिक्स का भी एक तरीका होता है जिसे अब दरकिनार किया जा रहा है।