मुंबई महानगर पालिका ने अभिनेता ऋषि कपूर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मुंबई की महानगर पालिका बीएमसी ने एक्टर ऋषि कपूर को एक बरगद के पेड़ की जरूरत से ज्यादा शाखाएं काटने के लिए नोटिस भेजा है। बरगद का यह पेड़ ब्रांदा के पाली हिल्स स्थित उनके कृष्णा राज बंगले के भीतर लगा था, जिसके लिए उन्हें नोटिस मिला है। न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि, पिछले सप्ताह कपूर को नगर निगम की इकाई ने पेड़ की छह शाखाएं काटने की अनुमति दी थी। ऋषि कपूर को अपने घर में कंस्ट्रक्शन करना था जिसमें इस पेड़ के चलते परेशानी आ रही थी। इसी को देखते हुए उन्हें 6 शाखाएं काटने की इजाजत दी गई थी। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पेड़ की अतिरिक्त शाखाएं काट दी गयी हैं। उन्होंने बताया कि शाखाओं की छंटनी नहीं की गयी बल्कि इसे काट दिया गया।