Advertisement
होंडा की दो प्रीमियम मोटरसाइकिल में तकनीकी खामी, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट का खतरा; कंपनी ने जारी किया रिकॉल

रिकॉल के तहत ग्राहकों को क्या सुविधा मिलेगी
होंडा ने स्पष्ट किया है कि इस रिकॉल के अंतर्गत आने वाली सभी मोटरसाइकिल्स की जांच, रिपेयर और आवश्यक पार्ट्स का रिप्लेसमेंट पूरी तरह से मुफ्त किया जाएगा। खास बात यह है कि जिन बाइक्स की वारंटी अवधि समाप्त हो चुकी है, उनके मालिक भी इस सर्विस का लाभ बिना किसी शुल्क के उठा सकते हैं। प्रभावित ग्राहक अपने नजदीकी BigWing Topline डीलरशिप से संपर्क कर सर्विस अपॉइंटमेंट ले सकते हैं।
Honda CBR650R में क्या है समस्या
होंडा CBR650R की कुछ यूनिट्स में टर्न सिग्नल सिस्टम की वायरिंग से जुड़ी संभावित समस्या सामने आई है। यह दिक्कत उन बाइक्स में देखी जा सकती है, जिनका निर्माण 16 दिसंबर 2024 से 4 मई 2025 के बीच हुआ है। जांच के दौरान यह पाया गया कि टर्न इंडिकेटर की वायरिंग का एक हिस्सा धातु के कंपोनेंट के संपर्क में आ सकता है। लंबे समय तक वाइब्रेशन के कारण इसमें शॉर्ट सर्किट की स्थिति बन सकती है।
इस खामी के चलते टर्न सिग्नल या अन्य लाइट्स ठीक से काम न करने या पूरी तरह बंद होने की संभावना रहती है, जो सड़क सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरी स्थिति पैदा कर सकती है। भारत में Honda CBR650R की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 11.16 लाख रुपये है।
CB1000 हॉर्नेट SP में सामने आई अलग तरह की दिक्कत
Honda CB1000 हॉर्नेट SP में वायरिंग नहीं, बल्कि इंजन ऑयल से जुड़ी समस्या पाई गई है। यह दिक्कत केवल उन चुनिंदा यूनिट्स में सामने आई है, जिनका निर्माण 30 सितंबर 2024 से 22 अगस्त 2025 के बीच किया गया था। कुछ मोटरसाइकिल्स में इंजन ऑयल की खपत सामान्य से अधिक हो सकती है, जो एक विशेष तकनीकी कारण से जुड़ी हुई है।
अगर समय पर ऑयल लेवल की जांच न की जाए, तो इंजन प्रेशर कम हो सकता है, जिससे मोटरसाइकिल के प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। कंपनी के अनुसार, डीलरशिप स्तर पर आवश्यक रिपेयर या पार्ट्स रिप्लेसमेंट के जरिए इस समस्या को स्थायी रूप से ठीक किया जाएगा। इस मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 13.29 लाख रुपये है।
कैसे जांचें आपकी बाइक रिकॉल में शामिल है या नहीं
ग्राहक अपनी मोटरसाइकिल की मैन्युफैक्चरिंग डेट के आधार पर यह पता कर सकते हैं कि उनकी बाइक इस रिकॉल कैंपेन के अंतर्गत आती है या नहीं। इसके अलावा, होंडा की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद रिकॉल सेक्शन में जाकर यूनिक व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर (VIN) डालकर भी स्टेटस चेक किया जा सकता है।
होंडा द्वारा जारी किया गया यह रिकॉल कदम ग्राहकों की सुरक्षा और भरोसे को प्राथमिकता देने का संकेत देता है। समय रहते संभावित तकनीकी खामियों को ठीक करना न केवल वाहन की परफॉर्मेंस के लिए जरूरी है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
ऑटोमोबाइल
Advertisement
Traffic
Features


