Baba Mahakal Adorned in a Divine Feminine Form (Devi Swaroop) on Maha Ashtami; Resplendent in Gold and Silver Ornaments-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:12 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महाअष्टमी के अवसर पर देवी स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, चांदी और स्वर्ण आभूषणों से भव्य शृंगार

khaskhabar.com: सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 11:09 AM (IST)
महाअष्टमी के अवसर पर देवी स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, चांदी और स्वर्ण आभूषणों से भव्य शृंगार
उज्जैन । श्री महाकालेश्वर मंदिर में आश्विन शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर सोमवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती की गई। इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। महाअष्टमी के अवसर पर बाबा महाकाल भक्तों को देवी स्वरूप में दर्शन दिए। सोमवार तड़के भगवान वीरभद्र की आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ बाबा महाकाल के कपाट खोले गए। दिव्य शृंगार और भस्म आरती के बाद श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन हुए। इसके बाद पूरा मंदिर परिसर 'जय श्री महाकाल' के उद्घोष से गूंज उठा। मंदिर परिसर घंटियों, शंखध्वनि और मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा। महाकाल मंदिर के पट खुलने के साथ ही मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।
बाबा महाकाल की पूजा के दौरान प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा ने मुकुट धारण किया। इसके बाद झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़े और शंखनाद के साथ भस्म आरती हुई।
महाअष्टमी के अवसर पर बाबा महाकाल का देवी स्वरूप में शृंगार किया गया। इस दौरान बाबा को चांदी और स्वर्ण आभूषणों से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किए। अपने आराध्य देव के दर्शन पाने के लिए रात से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध थे।
परंपरा के अनुसार, महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म आरती अर्पित की जाती है। मान्यता है कि भस्म अर्पित किए जाने के बाद बाबा महाकाल निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं। बाबा की इस आरती में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन की पावन नगरी पहुंचते हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement