Sage Meditation: Mind and Soul-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:43 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऋषि चिंतन: मस्तिष्क और अंत:करण

khaskhabar.com: सोमवार, 06 मार्च 2023 09:59 AM (IST)
आस्थाओं की पृष्ठभूमि का वस्तुत: एक अलग धरातल है। उसका निर्माण मस्तिष्क संरचना की तुलना में कहीं अधिक जटिल है और कहीं अधिक कठोर है। अंत:करण की अपनी स्वतंत्र रचना है। उस पर बुद्धि का थोड़ा बहुत ही प्रभाव पड़ता है। सच तो यह है कि अंत:करण ही बुद्धि की कठपुतली को अपने इशारे से नचाता है। आंतरिक आस्थाओं और आकांक्षाओं की जो अभिरुचि होती है, उसी को पूरा करने के लिए चतुर राजदरबारी की भूमिका मस्तिष्क को निभानी पड़ती है। उसका अपना अभिमत जो भी हो उसे करना वही पड़ता है, जो अधिपति का निर्देश है । हो सकता है कि मस्तिष्क वस्तुत: भौतिकता का पक्षधर हो, किंतु उसे व्यवहार में लाते समय वह तब तक समर्थ न हो सकेगा जब तक अंत:करण भी अनुकूल न हो जाए। किसी भी नशेबाज से वार्तालाप किया जाए तो वह समझाने वाले से भी अधिक ऐसे तथ्य प्रस्तुत कर देगा, जिससे नशा पीने की हानियों का प्रतिपादन होता है। इतनी जानकारी होते हुए भी वह उस लत को छोडऩे के लिए तत्पर ना हो सकेगा। उसका कारण एक ही है कि नशे के पक्ष में उसके अंत:करण में इतनी गहरी अभिरुचि जम गयी है, जिससे विचारशीलता मात्र के सहारे पलट सकना संभव नहीं हो पाता। शराबी आए दिन अपने को धिक्कारता है -शपथें लेता है, किंतु जब अंदर से लत भडक़ती है तो असहाय की तरह शराब खाने की ओर इस प्रकार की घिसटता चला जाता है, मानो कोई बलपूर्वक उसे अपनी पीठ पर लादकर लिए जा रहा हो। रास्ते में संकल्प विकल्प भी उठते हैं। लौटने को मन भी करता है,पर सारे तर्क एक कोने पर रखे रह जाते हैं। आदत अपनी जगह स्थिर रहती है। उस का दबाव इतना अधिक होता है कि विचारों का कुछ भी वश नहीं चलता है और अन्तत: शराब-घर पहुँचने और पीकर ही लौटने की बात बनकर रहती है। मस्तिष्क की यहाँ निरर्थकता नहीं बतायी जा रही है और न तर्क, प्रभाव, अध्ययन का, विचार साधन का महत्व कम किया जा रहा है । उसकी उपयोगिता तो रहेगी ही। बात इतनी भर है कि मस्तिष्क भौतिक जीवन में अत्यंत पेचीदा समस्याओं को सुलझाने और महत्वपूर्ण फैसले करने और पेचीदगियों को सरल बनाने में अद्भुत सूझ-बूझ का परिचय दे सकने में समर्थ होते हुए भी अंत:करण में जमे संचित संस्कारों को प्रभावित करने में यत्किंचित ही सहायक हो पाता है। कारण कि वह गहरी परत मस्तिष्क के प्रभाव क्षेत्र में पूरी तरह है नहीं, वरन् उल्टे मस्तिष्क को ही अपने इच्छानुकूल चलने के लिए विवश करती है।
उपरोक्त प्रवचन पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा लिखित पुस्तक आत्म शक्ति से युग शक्ति का उद्भव, पृष्ठ-8 से लिया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement