उमेश यादव ने कहा, मैंने इसे गलत साबित किया और धीरे-धीरे...
khaskhabar.com: शनिवार, 18 मार्च 2017 11:23 AM (IST)
रांची। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने कहा कि उनका हालिया अच्छी फॉर्म टीम में लगातार खेलने से मिले आत्मविश्वास के कारण है। उमेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट श्रृंखला में अभी तक कुल 12 विकेट अपने नाम किए हैं। उमेश पहले से ज्यादा किफायती गेंदबाजी कर रहे हैं जो उनकी गेंदबाजी में हालिया दौर में सबसे बड़ा सुधार है।
उन्होंने कहा, मैं वही कर रहा हूं जो कर रहा था लेकिन अब ज्यादा मैच खेलने के बाद मेरा आत्मविश्वास ऊंचा है। मेरी मेहनत काम आ रही है। जब मैं टीम से अंदर-बाहर हो रहा था मुझे नहीं पता था कि मुझे क्या करना चाहिए। ज्यादा मैच खेलने से मुझे पता चला कि मुझे क्या करना है और क्या नहीं।
मुझे धीरे-धीरे अपनी ताकत और कमजोरी के बारे में पता चला। अब मुझे अच्छी समझ है। उन्होंने कहा, मीडिया में पहले काफी कुछ लिखा गया कि मैं लेग स्टम्प पर गेंद करता हूं। मैंने इसे गलत साबित किया है और धीरे-धीरे लय पकड़ी है।