पहला टेस्ट : पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराया
khaskhabar.com: बुधवार, 26 अप्रैल 2017 11:45 AM (IST)
जमैका। पाकिस्तान ने हर क्षेत्र में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैच की सीरीज का पहला टेस्ट सात विकेट से जीत लिया। लेग स्पिनर यासिर शाह मैन ऑफ द मैच चुने गए। दूसरा टेस्ट 30 अप्रैल से ब्रिजटाउन में खेला जाएगा। मंगलवार को मैच के अंतिम दिन वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 52.4 ओवर में 152 रन पर ढेर हो गई।
पाकिस्तान को सिर्फ 32 रन का लक्ष्य मिला, जो उसने 10.5 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। अजहर अली 1, अहमद शहजाद 6 और यूनुस खान 6 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। कप्तान मिसबाह उल हक तीन गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 12 और बाबर आजम 9 रन पर नाबाद लौटे। वेस्टइंडीज की ओर से शेनन गेब्रियल, अलझारी जोसेफ और देवेंद्र बिशू ने 1-1 विकेट झटका।