Advertisement
रांची में सरहुल पूजा पर दो आदिवासी समूहों में झड़प से तनाव, सीएम हेमंत को दिखाए काले झंडे

सीएम का विरोध करने वाले आदिवासी समूहों की अगुवाई पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव कर रही थीं। उनके साथ कई लोग माथे पर काली पट्टी बांधे हुए थे। यह विरोध प्रदर्शन रांची की केंद्रीय सरना समिति के नेता अजय तिर्की को नागवार गुजरा। तिर्की और उनके समर्थक काला झंडा दिखाने वालों के विरोध में उठ खड़े हुए।
अजय तिर्की ने कहा कि आदिवासी समुदाय के कुछ लोग त्योहार के आयोजन के बीच जानबूझकर विवाद पैदा कर रहे हैं। पूरी साजिश भाजपा के इशारे पर हो रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप पर रैंप को सरना स्थल से काफी दूर हटाया जा चुका है, लेकिन इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है।
रांची के सिरमटोली में आदिवासियों के धार्मिक महत्व का सबसे बड़ा सरना स्थल है, जहां हर साल उनके सबसे बड़े त्योहार सरहुल के मौके पर रांची और आसपास के इलाकों से निकाली जाने वाली विशाल शोभायात्राओं का समागम होता है।
विरोध कर रहे आदिवासी संगठनों का कहना है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर का रैंप ‘सरना स्थल’ के पास बना दिए जाने से सरहुल सहित अन्य तरह के धार्मिक आयोजन प्रभावित होंगे। रैंप बनाए जाने से सरनास्थल तक जाने वाली जगह छोटी पड़ गई है। यह उनकी आस्था और परंपराओं पर आघात है। हालांकि, विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने पांच दिन पहले निर्माणाधीन रैंप को छोटा करने का निर्णय लेते हुए इसका एक बड़ा हिस्सा तुड़वा दिया था।
इसके पहले 30 मार्च को भी पूर्व मंत्री गीताश्री उरांव के नेतृत्व में कुछ लोगों ने रैंप को पूरी तरह से हटाने की मांग को लेकर पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया था। इस मामले में चुटिया थाने में गीताश्री उरांव समेत 21 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


