Removing Gandhis name from MNREGA is a result of Godse-ite thinking: Bhupesh Baghel-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मनरेगा से गांधी का नाम हटाना गोडसेवादी सोच का नतीजा: भूपेश बघेल

khaskhabar.com: मंगलवार, 06 जनवरी 2026 4:59 PM (IST)
मनरेगा से गांधी का नाम हटाना गोडसेवादी सोच का नतीजा: भूपेश बघेल
रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने महात्मा गांधी के नाम से जुड़े मुद्दे को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक लंबी पोस्ट के जरिए भूपेश बघेल ने नाथूराम गोडसे और गोडसेवादी विचारधारा की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को मिटाने की कोशिशें आज भी जारी हैं, लेकिन गांधी विचार कभी खत्म नहीं हो सकता। भूपेश बघेल ने 'एक्स' पोस्ट की शुरुआत 'नाथूराम गोडसे मुर्दाबाद' और 'गोडसेवादी मुर्दाबाद' जैसे नारों से की। उन्होंने लिखा, "मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह बात सही कही है कि महात्मा गांधी ने अपने अंतिम समय में 'हे राम' कहा था, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री को यह याद है कि ये शब्द गांधी जी के मुंह से कब निकले थे। ये शब्द उस समय निकले थे, जब आरएसएस से जुड़े और सावरकर के अनुयायी नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी को गोली मार दी थी।"
पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए कहा कि गोडसे की गोली महात्मा गांधी को मिटाने की एक कोशिश थी, लेकिन गांधी को मिटाया नहीं जा सका।
उन्होंने आरोप लगाया कि गोडसेवादी मानसिकता आज भी गांधी के नाम और उनके विचारों को मिटाने की कोशिश में लगी हुई है। मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना भी उसी सोच का नतीजा है, जिसे उन्होंने गोडसेवादी और सावरकर की कायर मानसिकता बताया।
भूपेश बघेल ने कहा कि महात्मा गांधी किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया की धरोहर हैं। गांधी जी का नाम दुनिया की उन जगहों पर दर्ज है, जहां कई नेता अपने जीवन में भी नहीं पहुंच पाए। देश के हर बड़े शहर में महात्मा गांधी मार्ग का होना इस बात का बड़ा प्रमाण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर प्रधानमंत्री के प्रवक्ता की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान कर रहे हैं।
बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो अपने नाम का लिखा सूट पहनते हैं, अपने नाम पर क्रिकेट स्टेडियम का सुख लेते हैं और हर जगह अपनी तस्वीर देखकर स्वयं ही गर्व महसूस करते हैं।
मुख्य मंत्री विष्णुदेव साय के बयान का खंडन करते हुए भूपेश बघेल ने देश के कई प्रमुख संस्थानों का उल्लेख किया जो महात्मा गांधी के नाम पर हैं। इनमें केरल का महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, वाराणसी की महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, बिहार का महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मेघालय और तेलंगाना के महात्मा गांधी विश्वविद्यालय, वर्धा का महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, तमिलनाडु का गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान, सेवाग्राम का महात्मा गांधी चिकित्सा विज्ञान संस्थान और पुडुचेरी का महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान शामिल हैं।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें नाम मिटाने की राजनीति कर रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी स्वर्गीय खूबचंद बघेल और स्वामी आत्मानंद जैसे महापुरुषों के नाम मिटाने की कोशिशें की जा रही हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement