Lalsot News: Faith: Food distribution at various places, procession of pilgrims on the roads-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 11, 2026 12:28 pm
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : आस्था, जगह-जगह लगे भंडारे, सड़कों पर पदयात्राओं का रेला

khaskhabar.com: शुक्रवार, 18 सितम्बर 2026 5:16 PM (IST)
लालसोट समाचार : आस्था, जगह-जगह लगे भंडारे, सड़कों पर पदयात्राओं का रेला
पपलाज माता के दर पर श्रद्धालुओं का सैलाब, शनिवार को अष्टमी पर चरम पर रहेगा मेला *कमलेश आसीका।लालसोट* “बांका थारा खोहरा, बांकी थारी बात, बांका न कू सूधा कर, धन-धन री पपलाज...” जैसे पारंपरिक धार्मिक गीतों से पपलाज माता की पहाड़ी कंदराएं गूंज रही हैं। गुरुवार से शुरू हुआ माता का मेला शनिवार को अष्टमी के दिन चरम पर रहेगा। इस दिन राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन करेंगे। श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य, फसल और पानी सहित विभिन्न मनौतियां लेकर माता के दरबार में पहुंच रहे हैं।
पपलाज माता की पहाड़ियों की ओर जाने वाली सड़कों पर इन दिनों पदयात्रियों के जत्थे नजर आ रहे हैं। खटूम्बर, गोल, इंदावा सहित अनेक स्थानों पर जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। पदयात्रियों की मनुहार कर उन्हें पानी, नाश्ता और भोजन कराया जा रहा है। ग्रामीण और सामाजिक संगठन भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।
मनौती पूरी होने पर चढ़ती है सवामणी, बच्चों को दिलाते हैं ढोक
पहाड़ी कंदराओं के बीच स्थित पपलाज माता के दरबार में श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मनौती पूरी होने के बाद श्रद्धालु माता के मंदिर में सवामणी चढ़ाते हैं और जोड़े सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बच्चों को माता के दरबार में ढोक दिलाकर उनके स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। फसल और पानी की मनौती मांगने वालों का भी मंदिर में तांता लगा रहता है।
जलस्रोत को लेकर भी विशेष आस्था
मंदिर के नीचे स्थित खोहरे में निकलने वाली जलधाराओं को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। जनश्रुति के अनुसार इस जलस्रोत के पानी से स्नान करने अथवा इसका सपड़ावा करने से चर्म रोगों में लाभ मिलता है। लकवाग्रस्त तथा गूंगे-बहरे लोगों के संबंध में भी यहां उपचार से जुड़ी लोक मान्यताएं प्रचलित हैं। ये दावे स्थानीय जनश्रुतियों और श्रद्धालुओं की आस्था पर आधारित हैं।
1100 साल पुरानी आस्था, देशभर में पहुंची माता की ख्याति
जागा पौथी के अनुसार पपलाज माता की स्थापना करीब 1100 वर्ष पूर्व मानी जाती है, जबकि पुरातत्व विभाग के अनुसार माता की मूर्ति करीब 778 वर्ष पूर्व स्थापित हुई थी। माता की महिमा और चमत्कारों से जुड़ी मान्यताओं के कारण मंदिर की ख्याति दौसा जिले से निकलकर प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच चुकी है। दौसा, सवाईमाधोपुर, करौली, टोंक, जयपुर सहित उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से भी श्रद्धालु मेले में पहुंचते हैं।
लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन ठहरने की सुविधा नहीं
मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं का आवागमन होता है, लेकिन मेला स्थल पर यात्रियों के ठहरने के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। प्रशासन की ओर से न तो कोई सामुदायिक भवन है और न ही श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला या होटल की सुविधा विकसित की गई है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मजबूरी में लालसोट पहुंचकर होटलों में ठहरना पड़ता है। मेले के दौरान लालसोट के होटलों पर भी यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि पपलाज माता की बढ़ती ख्याति और मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मेला स्थल पर स्थायी यात्री निवास, धर्मशाला या सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रात्रि विश्राम के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़े।
लाखों की भीड़, सफाई व्यवस्था बनी चुनौती
मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण सफाई व्यवस्था भी चुनौती बनी हुई है। सवामणी और अन्य धार्मिक आयोजनों के बाद जगह-जगह कचरा जमा हो जाता है और नालों में गंदगी भरने से परेशानी होती है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पंचायत और मंदिर प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
सरकारी बसों का अभाव, जीपों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का सहारा
पहाड़ी कंदराओं के बीच मंदिर स्थित होने के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए जीपों का सहारा लेना पड़ता है। सरकारी बसों का संचालन नहीं होने के कारण जीप, जुगाड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लोग आवागमन कर रहे हैं। इससे मेले के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने पर कई बार जाम जैसे हालात भी बन जाते हैं।
लोकगीतों में जीवित है पपलाज माता की महिमा
पपलाज माता की आस्था यहां की लोक परंपराओं में भी रची-बसी है। महिलाएं आज भी पारंपरिक धार्मिक गीतों में “बांका थारा खोहरा, बांकी थारी बात... धन-धन री पपलाज” गाकर माता की महिमा का बखान करती हैं। पहाड़ी क्षेत्र में गूंजते इन गीतों के बीच पदयात्रियों के जत्थे और भंडारों में चल रही सेवा मेले के धार्मिक रंग को और गहरा कर रही है।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मेला स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की षष्ठी से शुरू हुआ मेला अष्टमी को चरम पर रहेगा और नवमी के दिन इसका समापन होगा।
*रेस्टा के जिला स्तरीय सम्मेलन का शुभारंभ,* *प्रदेश सभा अध्यक्ष मीणा ने किया शिक्षा में नवाचार का आह्वान*
लालसोट। उपखंड के सलेमपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान एलिमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेस्टा) का जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन शुरू हुआ। सम्मेलन में शिक्षकों की समस्याओं, संगठन की मजबूती और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर मंथन किया गया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि रेस्टा प्रदेश कार्यकारिणी सभा अध्यक्ष सावंत राम मीणा रहे। विशिष्ट अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मोहनलाल बसानवाल तथा दक्षता हेमराज मीणा, जिला अध्यक्ष उपशाखा दौसा रहे।
मुख्य अतिथि सांवल राम मीणा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आधुनिकरण हो रहा है। ऐसे में शिक्षकों को भी समय के साथ कदम मिलाते हुए शिक्षण में नए प्रयोग और नवाचार अपनाने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने शिक्षकों से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर पेश किया प्रतिवेदन
सम्मेलन में जिला अध्यक्ष की ओर से शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर प्रतिवेदन पेश किया गया। इसमें तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण जल्द करने, रिक्त प्रधानाचार्य एवं उपप्रधानाचार्य के पदों को भरने, शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखने, विद्यालयों में पदवार रिक्त पदों को भरने तथा तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति शीघ्र करने की मांग रखी गई।
इसके अलावा द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण में मंडल स्तरीय वरिष्ठता समाप्त नहीं करने, क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नवीन भवनों का निर्माण कराने, शिक्षकों को शैक्षणिक कार्य के अतिरिक्त अन्य कार्य नहीं देने तथा ओपीएस योजना पर सरकार की स्थिति स्पष्ट कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग भी रखी गई।
आरजीएचएस योजना के तहत अस्पतालों में इलाज नहीं किए जाने के कारण कर्मचारियों को होने वाली परेशानी से राहत देने सहित अन्य विषयों को भी प्रतिवेदन में शामिल किया गया।
*संस्कृत शिक्षा विभाग शिक्षक संघ का अधिवेशन भी हुआ*
इसी क्रम में राजस्थान संस्कृत शिक्षा विभाग शिक्षक संघ का अधिवेशन कृपासागर बालाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया। अधिवेशन का शुभारंभ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में तेज प्रकाश मीणा, फलीराम मीणा, सीताराम मीणा और गिर्राज प्रसाद शर्मा मौजूद रहे।
अधिवेशन में संस्कृत शिक्षा विभाग के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने संगठन को मजबूत करने तथा विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने पर जोर दिया।
इस दौरान रमेश चंद्र मीणा, लक्ष्मी नारायण मीणा, रंजीत मीणा, उमाशंकर शर्मा, राजकुमार रेगर, रामकेश मीणा, राम अवतार मीणा, मीठालाल मीणा, भगवान सहाय, महाभारत, गिर्राज प्रसाद मीणा, रामधन बैरवा सहित अन्य शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
*ध्वजा पूजन के साथ गूंजे जयकारे, डिग्गी कल्याणधनी के लिए पद यात्रा हुई रवाना*
लालसोट। आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर लालसोट में शुक्रवार को श्रद्धा का अलग ही रंग नजर आया। श्री कल्याण जी महाराज के जयकारों से गूंजते माहौल के बीच 48वीं विशाल डिग्गीपुरी ध्वजा पदयात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। यात्रा रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने श्री कल्याण जी मंदिर में विधि-विधान से ध्वजा पूजन और गणेश पूजन किया। इसके साथ ही डिग्गीपुरी तक की यात्रा निर्विघ्न एवं मंगलमय होने की कामना की गई।
पूजन संपन्न होते ही श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वजा थामी और जयकारों के बीच डिग्गीपुरी की ओर कदम बढ़ा दिए। ‘श्री कल्याण जी महाराज की जय’ के गगनभेदी जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। गाजे-बाजे के साथ निकली पदयात्रा में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। सड़क पर हाथों में लहराती ध्वजाएं और जयकारे यात्रा के माहौल को और भव्य बना रहे थे।
छह दिनों तक चलेगा आस्था का कारवां
छह दिवसीय ध्वजा पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से होकर 22 सितंबर को डिग्गीपुरी पहुंचेगी। 23 सितंबर को श्री कल्याण जी महाराज की शोभायात्रा एवं जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद विधि-विधान से ध्वजा चढ़ाई जाएगी और सामूहिक भंडारे के साथ पदयात्रा का समापन होगा।
श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह व्यवस्थाएं
पदयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग में भोजन, विश्राम, चिकित्सा, पेयजल और प्रकाश सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लोग जुटे हुए हैं। ध्वजा हाथों में लिए डिग्गीपुरी की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और आस्था साफ नजर आई।
लालसोट से शुरू हुआ भक्ति का यह कारवां अगले छह दिनों तक भजनों और जयकारों के बीच डिग्गीपुरी की ओर बढ़ेगा। हर पड़ाव पर श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा की तैयारियां की गई हैं, जिससे यात्रा का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। इस अवसर पर भगवान जोशी ,मोहनलाल हट्टीका, नरसी शर्मा ,संत रामदयाल महाराज, वैध सुधाकर शर्मा, विजय जांगिड़, सहित अनेक लोग मौजूद थे।
*झापदा की बस्ती में बंदरों का आतंक, चार ग्रामीणों को कर चुके घायल*
*बच्चों और बुजुर्गों में दहशत, ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की*

लालसोट। ग्राम पंचायत झापदा मुख्यालय की बस्ती में बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बस्ती में बंदरों के झुंड लगातार घूम रहे हैं और लोगों पर हमला कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार बंदरों के हमले में अब तक चार लोग घायल हो चुके हैं।
बंदरों के आतंक का आलम यह है कि बच्चों और बुजुर्गों को अकेले घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है। बंदर घरों की छतों और गलियों में पहुंचकर उत्पात मचाते हैं तथा लोगों का पीछा कर उन्हें काटने और हमला करने का प्रयास करते हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते बंदरों को नहीं हटाया गया तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पंचायत और प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए बंदरों को पकड़वाकर बस्ती से दूर छोड़ने की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों के घायल होने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अभियान चलाकर बस्ती को बंदरों के आतंक से मुक्त कराने तथा आमजन, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
*लालसोट की बेटी गौरी गर्ग ने हिमालय में दिखाया साहस*
*भारत स्काउट एंड गाइड के ट्रैकिंग अभियान में शुरकुंडा देवी की चोटी तक पहुंचीं*
लालसोट। हौसले बुलंद हों तो ऊंची से ऊंची पहाड़ियां भी रास्ता बन जाती हैं। इसी जज्बे का परिचय लालसोट की बेटी गौरी गर्ग ने हिमालय की पहाड़ियों पर ट्रैकिंग कर दिया। राजस्थान भारत स्काउट एंड गाइड उपशाखा लालसोट के तत्वावधान में आयोजित हिमालय ट्रैकिंग अभियान में गौरी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देहरादून स्थित शुरकुंडा देवी क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों पर आयोजित ट्रैकिंग के दौरान गौरी ने चुनौतीपूर्ण पर्वतीय रास्तों पर कदम बढ़ाए। पहाड़ों की कठिन चढ़ाई, बदलता मौसम और दुर्गम रास्ते भी उनके उत्साह को कम नहीं कर सके। साहस और आत्मविश्वास के साथ ट्रैकिंग करते हुए उन्होंने हिमालय की प्राकृतिक खूबसूरती को भी करीब से महसूस किया।
भारत स्काउट एंड गाइड के माध्यम से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में साहस, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देना है। अभियान में हिस्सा लेकर गौरी ने न केवल अपने अनुभवों का विस्तार किया, बल्कि साहसिक गतिविधियों में बेटियों की भागीदारी का भी संदेश दिया।
गौरी के हिमालय ट्रैकिंग अभियान में शामिल होने की जानकारी पर परिजनों, स्काउट-गाइड से जुड़े पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। लोगों ने कहा कि लालसोट की बेटियां अब शहर और प्रदेश की सीमाओं से आगे निकलकर हिमालय की ऊंचाइयों तक अपने हौसले की पहचान बना रही हैं।
*अंधड़ और तेज बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर फेरा पानी*
*खटवा सहित कई गांवों में खेतों में धराशायी हुई बाजरे की फसल,*

लालसोट। उपखंड क्षेत्र में गत रात आए अंधड़-तूफान और तेज बारिश ने खेतों में खड़ी बाजरे की फसल को नुकसान पहुंचाया। खटवा सहित आसपास के कई गांवों में तेज हवा के कारण बाजरे की फसल खेतों में धराशायी हो गई। फसल के ऐन पकने के समय हुए नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए अंधड़ और बारिश ने मेहनत पर पानी फेर दिया। कई खेतों में बाजरे की फसल पूरी तरह जमीन पर बिछ गई है, जिससे दाने की गुणवत्ता और पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।
सर्वे कर मुआवजे की मांग
फसल खराब होने के बाद किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल गिरदावरी/सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि वास्तविक नुकसान के आधार पर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए, ताकि प्राकृतिक आपदा से हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।
सभापति चुनाव को लेकर प्रशासन ने संभाली कमान, मतदान केंद्र का लिया जायजा
शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा, पुलिस व नगर परिषद अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
लालसोट। नगर परिषद सभापति के चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम विजेंद्र मीणा तथा पुलिस अधीक्षक विनोद सीपा ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर सभापति चुनाव के लिए प्रस्तावित मतदान प्रांगण का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नवनिर्वाचित पार्षदों की पहली बैठक आयोजित किए जाने तथा सभापति के निर्वाचन की प्रक्रिया को लेकर की जाने वाली व्यवस्थाओं पर भी मंथन किया गया। मतदान स्थल पर प्रवेश, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों को लेकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ चर्चा की।
एसडीएम ने नगर परिषद आयुक्त एवं पुलिस अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान स्थल पर किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू रखने पर जोर दिया गया।
एसडीएम विजेंद्र मीणा ने बताया कि सभापति चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। मतदान स्थल से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक प्रत्येक बिंदु पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
लालसोट नगर परिषद में 35 पार्षद निर्वाचित हुए हैं और सभापति के निर्वाचन की प्रक्रिया को लेकर अब प्रशासनिक तैयारियों के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement