Female constable riding a Bullet changed her uniform, video of the fight goes viral-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:31 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बुलेट पर सवार महिला सिपाही की बदली वर्दी, झगड़े का वीडियो वायरल

khaskhabar.com: मंगलवार, 04 मार्च 2025 3:32 PM (IST)
बुलेट पर सवार महिला सिपाही की बदली वर्दी, झगड़े का वीडियो वायरल
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में एक महिला पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सिपाही वर्दी की जगह जींस और झुलनी पहने बुलेट पर सवार दिख रही है। कंधे पर राइफल टांगे इस महिला पुलिसकर्मी का विवाद एक वकील से हो गया, जिसके बाद दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। घटना शहर के गणेश मंदिर के पास की बताई जा रही है। एक वकील, जो टिकरी रोड से कचहरी की ओर जा रहे थे, अचानक तेज रफ्तार बुलेट उनके करीब से गुजरी। बाइक पर पीछे बैठी महिला सिपाही की राइफल का बट वकील को जा लगा, जिससे उन्हें चोट आ गई। वकील ने जब महिला पुलिसकर्मी से राइफल संभालकर रखने की सलाह दी, तो वह भड़क गईं और बाइक से उतरकर बहस करने लगीं। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला सिपाही ने वकील का मोबाइल छीन लिया और उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद वकील ने भी अपना रुख कड़ा कर लिया और बुलेट की चाबी निकाल ली। दोनों के बीच सड़क पर बहस होती रही, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही नगर थाना का एक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और किसी तरह मामला शांत करवाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद महिला सिपाही ने वकील का मोबाइल वापस किया और अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर वहां से निकल गई।
नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। अगर आवेदन दिया जाता है, तो कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, वकील का कहना है कि वे इस घटना की शिकायत सीनियर अधिकारियों से करेंगे।
इस घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग महिला सिपाही की वर्दी और व्यवहार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। क्या एक पुलिसकर्मी को बिना वर्दी, जींस-झुलनी में इस तरह हथियार लेकर चलने की अनुमति है? प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेगा, यह देखने वाली बात होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement