Disability Pension Amendment Controversy in Lok Sabha, Manish Tewari Calls It a Betrayal-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 7:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लोकसभा में दिव्यांग पेंशन संशोधन पर विवाद, मनीष तिवारी ने बताया विश्वासघात

khaskhabar.com: मंगलवार, 31 मार्च 2026 2:47 PM (IST)
लोकसभा में दिव्यांग पेंशन संशोधन पर विवाद, मनीष तिवारी ने बताया विश्वासघात
चंडीगढ़। चंडीगढ़ से सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में दिव्यांग पेंशन से जुड़े संशोधन को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए और इसे “विश्वासघात” करार दिया। उन्होंने कहा कि फाइनेंस एक्ट 2026 में किया गया यह संशोधन सरकार को वापस लेना चाहिए था। मनीष तिवारी ने अनस्टार्ड प्रश्न संख्या 5780 के जरिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से पूछा कि आखिर किस आधार पर दिव्यांग पेंशन पर टैक्स छूट केवल उन सैनिकों तक सीमित कर दी गई है, जिन्हें सेवा से ‘इनवैलिड आउट’ किया गया है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या इस फैसले से पहले कोई ठोस आंकड़ों पर आधारित अध्ययन या प्रभाव आकलन किया गया था। उन्होंने समान परिस्थितियों वाले दिव्यांग पूर्व सैनिकों के बीच इस तरह के अंतर को संवैधानिक रूप से अनुचित बताया और पूछा कि क्या इस संबंध में रक्षा मंत्रालय से राय ली गई थी। इसके अलावा उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस फैसले से कितने पूर्व सैनिक प्रभावित होंगे, सरकार को कितना अतिरिक्त राजस्व मिलेगा और क्या प्रभावित सैनिकों के लिए कोई राहत या शिकायत निवारण तंत्र बनाया जाएगा।
इस पर जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि इनकम टैक्स एक्ट 2025 के लागू होने के बाद 1 अप्रैल 2026 से पुराना इनकम टैक्स एक्ट 1961 समाप्त हो जाएगा। यदि नया प्रावधान शामिल नहीं किया जाता, तो दिव्यांग पेंशन पर मिलने वाली कर छूट समाप्त हो जाती, इसलिए इसे जारी रखने के लिए फाइनेंस बिल 2026 में यह प्रावधान जोड़ा गया।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित (सब ज्यूडिस) है, जिसके कारण इसके क्रियान्वयन में कुछ व्यावहारिक समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार इस संबंध में अधिसूचना जारी नहीं करती, तब तक दिव्यांग पेंशन—जिसमें डिसएबिलिटी और सर्विस एलिमेंट दोनों शामिल हैं—पूरी तरह आयकर से मुक्त रहेगी।
सरकार के जवाब से असंतुष्ट मनीष तिवारी ने कहा कि यह संशोधन मनमाना और दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने कहा कि देशभर में हजारों पूर्व सैनिक इसके खिलाफ विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि सरकार इस विवादित प्रावधान को पूरी तरह वापस ले और ‘इनवैलिड आउट’ तथा सेवा में बने रहने वाले दिव्यांग सैनिकों के बीच किया गया कृत्रिम भेदभाव समाप्त करे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement