Womens Asia Cup Final: India Wins Toss and Elects to Bat; Kamalini Replaces Pratika-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 9, 2026 1:06 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विमेंस एशिया कप: फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, प्रतिका की जगह कमलिनी को मौका

khaskhabar.com: रविवार, 13 सितम्बर 2026 8:02 PM (IST)
विमेंस एशिया कप: फाइनल में भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, प्रतिका की जगह कमलिनी को मौका
दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, "हम पहले बैटिंग करेंगे। यह हमारे लिए बहुत अहम मैच है, हमें बोर्ड पर अच्छा स्कोर खड़ा करना होगा। हर फाइनल अहम होता है, दबाव भी होता है, लेकिन हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है। हमारी टीम में एक बदलाव है, प्रतिका आराम कर रही हैं और कमलिनी खेल रही हैं।" प्रतिका का टूर्नामेंट में अब तक प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और इसी कारण उनकी जगह पर विकेटकीपर-बल्लेबाज कमलिनी को मौका दिया गया है। टॉस हारने के बाद श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। एक देश के तौर पर हमें लगातार बेहतर होते रहना होगा और पॉजिटिव क्रिकेट खेलना होगा। हमारी टीम में एक बदलाव भी है। हमें कुछ अनुभव चाहिए था। उनके पास अच्छे बल्लेबाज हैं, इसलिए शुरुआती छह ओवर बहुत अहम हैं। विष्मी गुणरत्ने संजना कविंदी की जगह खेल रही हैं।"
भारतीय टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक शानदार रहा है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए फाइनल में जगह बनाई है। बल्लेबाजी में स्मति मंधाना और शेफाली वर्मा का प्रदर्शन दमदार रहा है। शेफाली 4 मुकाबलों में 169 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 168 रन बना चुकी हैं, तो मंधाना ने एक शतक के साथ 4 मुकाबलों में 154 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और प्रेमा रावत का जादू खूब चला है। दीप्ति 11 विकेट निकाल चुकी हैं, जबकि चरणी ने 8 विकेट निकाले हैं।
दूसरी ओर, श्रीलंका का प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में दमदार रहा था। श्रीलंका ने पिछले एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम को हराते हुए खिताब पर कब्जा जमाया था। टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं, हर्षिता समरविक्रमा ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया है। गेंदबाजी में चमुदी प्रबोधा का प्रदर्शन भी बढ़िया रहा है।
भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: चमारी अटापट्टू (कप्तान), इमेशा दुलानी, विशमी गुणरत्ने, हासिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और मिताली अयोध्या।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement