Shubman Gill hospitalized, doubts over his participation in the second innings of the Kolkata Test-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Dec 10, 2025 5:32 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
>
Advertisement

शुभमन गिल अस्पताल में भर्ती, कोलकाता टेस्ट में दूसरी पारी के लिए उतरने पर संशय

khaskhabar.com: रविवार, 16 नवम्बर 2025 08:25 AM (IST)
शुभमन गिल अस्पताल में भर्ती, कोलकाता टेस्ट में दूसरी पारी के लिए उतरने पर संशय
कोलकाता, । भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ईडन गार्डन में शनिवार को बल्लेबाजी करने के दौरान गर्दन में समस्या आ गई थी। इस वजह से उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा था। गिल को बेहतर उपचार के लिए शाम में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक गिल पूरी रात अस्पताल में रहेंगे और डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा कि गिल चिकित्सा निगरानी में हैं और आगे की जांच के आधार पर उनके खेल में भाग लेने पर निर्णय लिया जाएगा। यह अभी तय नहीं है कि गिल बाकी टेस्ट मैच खेल पाएंगे या नहीं।
शुभमन गिल के साथ ये घटना भारतीय पारी के 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर घटी। गिल स्ट्राइक पर थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर के ऊपर से चौका जड़ा। गिल का शॉट आकर्षक था और फैंस उसका आनंद ले रहे थे। वहीं शॉट खेलने के साथ ही गिल की गर्दन में जकड़न आ गई। असहजता के कारण वह अपनी गर्दन पकड़कर सीधे खड़े हो गए। गिल गर्दन को घुमाने में असमर्थ थे और इस वजह से उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा।
गिल को शनिवार का खेल शुरू होने से पूर्व ही गर्दन में परेशानी थी और उन्होंने इस संबंध में फिजियो से बात भी की थी।
भारतीय कप्तान पूर्व में भी इस समस्या से ग्रसित रहे हैं। अक्टूबर 2024 में बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के पहले टेस्ट मैच से पहले गिल को गर्दन में अकड़न की समस्या हुई थी। इस वजह से वह मैच से बाहर हो गए थे। इसी समस्या के कारण गिल जुलाई 2024 में पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाए थे।
गिल युवा हैं और भारतीय टीम के कप्तान भी हैं। ऐसे में उनके गले में निरंतर हो रही समस्या उनके साथ-साथ पूरी टीम के लिए चिंता का विषय है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement