Darwin Test: Bangladesh opener Tanzid Hasan creates history with a century-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 9, 2026 12:02 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

डार्विन टेस्ट: बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने शतकीय पारी से रचा इतिहास

khaskhabar.com: शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 1:42 PM (IST)
डार्विन टेस्ट: बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने शतकीय पारी से रचा इतिहास
डार्विन । बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शतक लगाकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। तंजिद ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। बांग्लादेश के लिए शादमान इस्लाम के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे तंजिद हसन ने 190 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। इस पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल था। तंजिद अपने शतक के ठीक बाद आउट हो गए, लेकिन उन्होंने न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया, बल्कि अपनी टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बता दें कि तंजिद हसन का यह दूसरा टेस्ट है। तंजिद की इस पारी ने पूर्व ओपनर हन्नान सरकार के 23 साल पुराने 76 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हन्नान ने 2003 में केर्न्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 76 रन की पारी खेली थी।
टी ब्रेक के समय तंजिद ने फॉक्स क्रिकेट पर कहा, "यह मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि मैं पहली बार यहां हूं। वे मुझ पर बहुत अलग तरीके से आए, और मैं नॉर्मल क्रिकेट शॉट खेलने और खुद को शांत रखने की कोशिश कर रहा था। मैं ज्यादा कुछ करने की कोशिश नहीं कर रहा था। मैंने बस गेंद को खेला।"
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट के दूसरे दिन बांग्लादेश की स्थिति मजबूत हो गई है। पहले दिन (गुरुवार) को हसन महमूद की शानदार गेंदबाजी (55 रन देकर 6 विकेट) की बदौलत बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 198 रन पर समेट दिया था। इसके बाद पहले दिन के खेल की समाप्ति तक बांग्लादेश ने 1 विकेट पर 96 रन बना लिए थे।
दूसरे दिन का खेल शुरू होने पर भी बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर दबदबा बनाया। तंजिद के शतक के अलावा कप्तान नजमुल हसन शांतो ने भी 84 रन की पारी खेली। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 93 रन की अहम साझेदारी हुई। शांतो शतक से जरूर चूके, लेकिन उनकी पारी टीम के लिए बेहद अहम है। खबर लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 105.3 ओवर में 6 विकेट पर 348 रन बनाकर 150 रनों की बढ़त ले ली है। क्रीज पर मेहदी हसन मिराज 29 और हसन महमूद 13 रन बनाकर नाबाद हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement