Abhishek Sharma vs. Shubman Gill: Amritsar Surmaaz to Face Fazilka Falcons-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 14, 2026 9:41 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल आमने-सामने, अमृतसर सूरमाज का फाजिल्का फाल्कन्स से मुकाबला

khaskhabar.com: रविवार, 06 सितम्बर 2026 2:45 PM (IST)
अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल आमने-सामने, अमृतसर सूरमाज का फाजिल्का फाल्कन्स से मुकाबला
चंडीगढ़। शेर-ए-पंजाब टी-20 कप में सोमवार को मोहाली के आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम में अमृतसर सूरमाज और फाजिल्का फाल्कन्स के बीच होने वाला मुकाबला खास रहने वाला है। इस मुकाबले में भारतीय सितारे अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल आमने-सामने होंगे। अमृतसर सूरमाज की टीम जीत की राह पर लौटने के इरादे से मैदान में उतरेगी, ऐसे में यह मुकाबला टूर्नामेंट के प्रमुख मुकाबलों में शामिल होगा। अमृतसर के कप्तान अभिषेक शर्मा पर सभी की नजरें रहेंगी। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती है। उनके साथ नमन धीर भी आक्रामक अंदाज को जारी रखना चाहेंगे। वहीं अभय चौधरी और राहुल कुमार मध्यक्रम में पारी को मजबूती देने और अंत में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। सहज धवन और जसनप्रीत सिंह सिद्धू से भी टीम को महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में अमृतसर की टीम एक बार फिर अनुशासित प्रदर्शन करना चाहेगी। आकाश पांडेय और मयंक मार्कंडे की भूमिका अहम रहने की उम्मीद है। टीम मध्य के ओवरों में दबाव बनाकर फाजिल्का के बल्लेबाजों को नियंत्रण में रखने का प्रयास करेगी।
फाजिल्का फाल्कन्स के पास भी मजबूत टीम है, जिसकी अगुवाई भारतीय टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल कर रहे हैं। टीम में सनवीर सिंह, रघु शर्मा और अंशुल चौधरी जैसे प्रमुख खिलाड़ी हैं, जबकि ईश राव और प्रीत दत्ता बल्लेबाजी क्रम को और मजबूती देते हैं। ऐसे में सोमवार का मुकाबला दो सितारों से सजी टीमों के बीच कड़ी टक्कर का गवाह बनने की उम्मीद है।
अमृतसर सूरमाज की टीम पिछले मुकाबले में बारिश से प्रभावित मैच में बठिंडा रॉयल्स के हाथों आठ विकेट से हार गई थी। बारिश के कारण यह मुकाबला 11-11 ओवर का कर दिया गया था। अब एक और महत्वपूर्ण चुनौती के सामने अमृतसर की टीम अपने सकारात्मक रवैये को जीत में बदलने और टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement