1st T20: Abhishek-Ishans century partnership; India defeats Afghanistan by 7 wickets, takes 1-0 series lead-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 14, 2026 11:05 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पहला टी20 : अभिषेक-ईशान की शतकीय साझेदारी, भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त

khaskhabar.com: रविवार, 13 सितम्बर 2026 11:03 PM (IST)
पहला टी20 : अभिषेक-ईशान की शतकीय साझेदारी, भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त
नई दिल्ली। भारत ने रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मैच में अफगानिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ टीम इंडिया ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। शेष मुकाबले 15 और 17 सितंबर को इसी मैदान पर खेले जाने हैं। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने 8 विकेट खोकर 156 रन बनाए। टीम को महज 5 के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज (0) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद सेदीकुल्लाह अटल (13) ने कप्तान इब्राहिम जादरान (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। अफगानिस्तान ने महज 43 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई ने मोहम्मद नबी के साथ छठे विकेट के लिए 56 गेंदों में 83 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
नबी 27 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने 131 रन तक 8 विकेट खो दिए थे। इसके बाद अजमुतल्लाह ने मुजीब उर रहमान के साथ 9वें विकेट के लिए 9 गेंदों में 25 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। ओमरजई 44 गेंदों में 4 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता हाथ लगी।
इसके जवाब में भारत ने सिर्फ 13.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 18 रन की साझेदारी की। संजू 8 गेंदों में 2 चौकों के साथ 10 रन बनाकर आउट हुए।
यहां से ईशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों के बीच दूसरे विकेट के लिए 53 गेंदों में 121 रन की साझेदारी हुई, जिसने टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। अभिषेक 32 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 7 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे।
कप्तान श्रेयस अय्यर (नाबाद 8) ने ईशान किशन के साथ 13 रन की साझेदारी की। किशन 33 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 42 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान ने तिलक वर्मा (नाबाद 3) के साथ मिलकर टीम को आसान जीत दिलाई। अफगान खेमे से मोहम्मद नबी ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई ने 1 विकेट झटका।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement