Youth Congress holds protest march against alleged insult to Kharge and FIR against Rahul Gandhi; stopped by water cannons-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 7:58 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

खड़गे के कथित अपमान और राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में युवा कांग्रेस का रोष मार्च, वाटर कैनन से रोका

khaskhabar.com: मंगलवार, 08 सितम्बर 2026 8:35 PM (IST)
खड़गे के कथित अपमान और राहुल गांधी पर एफआईआर के विरोध में युवा कांग्रेस का रोष मार्च, वाटर कैनन से रोका
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित तौर पर की गई ‘शुद्धिकरण’ की घटना तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करने और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास के घेराव हेतु विशाल रोष मार्च निकाला गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। प्रदर्शन का आयोजन हरियाणा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू ने किया। एआईसीसी प्रभारी हरियाणा संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सोमिल संधू के आह्वान पर प्रदेशभर से युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने से पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्रित हुए। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर इस प्रकार का व्यवहार करना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता की भावना का अपमान है।
उन्होंने कहा, “भारत का संविधान हर नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। ऐसे में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ भेदभाव संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। यदि देश के एक प्रमुख राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ खुलेआम ऐसा व्यवहार किया जा सकता है, तो आम दलित, गरीब और वंचित व्यक्ति की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।” उन्होंने मांग कि वह खड़गे जी का अपमान करने वाले दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ जो झूठी एफआईआर दर्ज की गई है उसे तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए।
इस अवसर पर एआईसीसी प्रभारी हरियाणा संजय दत्त ने कहा कि भाजपा और आरएसएस को स्पष्ट करना चाहिए कि वे संविधान की विचारधारा के साथ खड़े हैं या मनुवादी सोच के साथ। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एससी-एसटी कानून के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं और दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा केवल कांग्रेस पार्टी की नहीं, बल्कि हर लोकतांत्रिक सरकार की जिम्मेदारी है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस गंभीर मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों के सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है।
HKRN कर्मचारियों के मुद्दे पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार कौशल रोजगार निगम के माध्यम से लंबे समय से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस नीति बनाए और उन्हें नियमित करने की दिशा में तत्काल कदम उठाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से वर्षों तक काम लेने के बावजूद उन्हें स्थायित्व और पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। जब तक HKRN कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं होता, कांग्रेस उनकी आवाज को सड़क से लेकर विधानसभा और हर लोकतांत्रिक मंच तक मजबूती से उठाती रहेगी।”
हरियाणा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू ने कहा कि दलितों के खिलाफ भेदभाव और उत्पीड़न की किसी भी घटना को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कानून सभी के लिए समान है और यदि किसी व्यक्ति के साथ जातिगत आधार पर अपमानजनक व्यवहार हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक ओर भारत का संविधान समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का रास्ता दिखाता है, वहीं दूसरी ओर भाजपा-आरएसएस की विचारधारा को लेकर लगातार ऐसे सवाल उठ रहे हैं, जो सामाजिक बराबरी और संवैधानिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती हैं।
संधू ने कहा कि राहुल गांधी लगातार संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, कर्मचारियों और समाज के सभी कमजोर वर्गों के सम्मान एवं अधिकारों के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।
पार्टी नेताओं के संबोधन के बाद विशाल रोष मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर रवाना हुआ। रास्ते में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
जब प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने पर अडिग रहे, तो पुलिस द्वारा वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। युवा कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए।
इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का मनोबल नहीं टूटा और उन्होंने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने अनेक युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर र दिया गया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से कार्यकर्ताओं का संघर्ष और मजबूत हुआ है तथा वे सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और HKRN कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को आगे भी पूरी ताकत से जारी रखेंगे।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, प्रदेश युवा प्रभारी सत्यवान गहलोत, सह प्रभारी मीमांसा आर्य, युवा प्रदेश अध्यक्ष नितिश कटारिया, वाइस प्रदान दिनेश पोशवाल, वाइस प्रदान मोहित शर्मा, वाइस प्रदान महबूब गुर्जर, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मयंक चौधरी प्रदर्शन में शामिल हुए। व हरियाणा युवा कांग्रेस की प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष व विधानसभा अध्यक्ष शामिल हुए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement