Young minds growing up in the lap of AI: Sharp minds, but strong minds?-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Apr 16, 2026 4:26 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

AI की गोद में पलता युवा मन: तेज़ दिमाग, लेकिन क्या मजबूत मन?

khaskhabar.com: सोमवार, 09 मार्च 2026 2:34 PM (IST)
AI की गोद में पलता युवा मन: तेज़ दिमाग, लेकिन क्या मजबूत मन?
एक समय था जब बच्चे सवाल पूछते थे, आज वे सवाल टाइप करते हैं। और जवाब? सेकंडों में, बिना रुके, बिना टकराव के। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) ने युवाओं की दुनिया को तेज़, आसान और सुविधाजनक बना दिया है। लेकिन मनोविज्ञान एक ठहरता हुआ सवाल पूछता है …क्या इस रफ्तार में युवा मन का ठहराव खो रहा है? कुछ आँकड़े, जो सोचने पर मजबूर करते हैं। हालिया वैश्विक अध्ययनों के अनुसार, 18–25 वर्ष के लगभग 60% युवा किसी न किसी रूप में AI टूल्स का उपयोग रोज़ करते हैं। इनमें से लगभग 35–40% युवा पढ़ाई या करियर से जुड़े फैसलों में AI की सलाह पर भरोसा करने लगे हैं। एक मनोवैज्ञानिक सर्वे बताता है कि हर 3 में से 1 युवा भावनात्मक तनाव के समय इंसान की जगह डिजिटल माध्यम से बात करना ज्यादा सुरक्षित मानता है। ये आँकड़े डराने के लिए नहीं हैं …ये संकेत हैं AI और भावनात्मक विकास की खामोश टकराहट, युवा अवस्था भावनाओं को सीखने की उम्र होती है … असफलता, अस्वीकार, असमंजस, और अकेलापन।
लेकिन AI:
असमंजस में उलझने नहीं देता। असफलता को “बेहतर विकल्प” से ढक देता है और अकेलेपन को संवाद के भ्रम से भर देता है। मनोविज्ञान कहता है… जो भावनाएँ महसूस नहीं की जातीं, वे बाद में विकृत रूप में लौटती हैं। जब युवा हर कठिन भावना से बचने लगते हैं, तो वे मजबूत नहीं केवल व्यस्त बनते हैं।

सोच बनाम समाधानः
AI समाधान देता है, लेकिन सोच समय, असुविधा और धैर्य माँगती है। जब हर प्रश्न का उत्तर तुरंत मिल जाए, तो दिमाग तेज़ तो होता है, लेकिन गहराई खोने लगता है। यही कारण है कि आज कई युवा बहुत जानकार हैं, बहुत अपडेटेड हैं। लेकिन, अंदर से भ्रमित और थके हुए भी हैं। क्या AI दोषी है? नहीं, दोषी है हमारा तरीका।
AI समस्या नहीं है …
AI को भावनात्मक सहारा बना लेना समस्या है। बच्चों और युवाओं को यह सिखाना ज़रूरी है कि AI मार्ग दिखा सकता है, दिशा नहीं। AI मदद कर सकता है, पहचान नहीं बना सकता और कोई भी मशीन इंसानी रिश्तों का विकल्प नहीं हो सकती। एक संतुलित भविष्य की ज़रूरत है, अगर हमें मानसिक रूप से स्वस्थ युवा चाहिए, तो… स्कूलों में डिजिटल शिक्षा के साथ भावनात्मक साक्षरता ज़रूरी है। घरों में सवालों के जवाब देने से ज़्यादा सवाल सुनना ज़रूरी है और युवाओं को यह भरोसा देना ज़रूरी है कि हर जवाब तुरंत मिलना ज़रूरी नहीं होता।
अंत में AI भविष्य है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन अगर भविष्य सिर्फ़ तेज़ होगा और संवेदनशील नहीं, तो समाज आगे तो बढ़ेगा, पर भीतर से खाली होता चला जाएगा। क्योंकि तकनीक दिमाग को तेज़ कर सकती है, लेकिन मन को मजबूत करना अब भी इंसानों की जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement