Violence in Banswara against land acquisition and displacement for nuclear power plant, clash between villagers and police-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 11, 2026 11:35 am
khaskhabar
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांसवाड़ा में न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए जमीन अवाप्ति और विस्थापन के विरोध में हिंसा, ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव

khaskhabar.com: शुक्रवार, 02 अगस्त 2024 3:31 PM (IST)
बांसवाड़ा में न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए जमीन अवाप्ति और विस्थापन के विरोध में हिंसा, ग्रामीणों और पुलिस के बीच टकराव
बांसवाड़ा। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के छोटी सरवन गांव में प्रस्तावित 2800 मेगावाट के न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर स्थानीय लोगों ने भारी विरोध शुरू कर दिया है। पावर प्लांट के लिए विस्थापन की प्रक्रिया शुरू करने के विरोध में शुक्रवार को हिंसा भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने पावर प्लांट के लिए जमीन खाली करवाने गई पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांगों को पूरा किए बिना विस्थापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, जिससे लोग भड़क गए। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठे होकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने जब इन्हें हटाना शुरू किया तो पथराव शुरू हो गया। इस पथराव में क्यूआरटी का जवान कल्पेश गरासिया घायल हो गया। उसे बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने नेशनल हाईवे 927-A (बांसवाड़ा-डूंगरपुर-रतलाम) को जाम कर दिया। पुलिस ने जब इन्हें हटाने का प्रयास किया, तो वहां भगदड़ मच गई और कुछ लोग पहाड़ी पर चढ़कर पथराव करने लगे। इस मामले में पुलिस ने बीएपी नेता हेमंत राणा समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
सरकार ने बताया कि परमाणु बिजली घर के निर्माण कार्य के लिए 6 गांवों (बारी, सजवानिया, रेल, खड़िया देव, आडीभीत, कटुम्बी) के करीब 3 हजार लोगों को विस्थापित किया जाना है। इन परिवारों को 415 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया गया है और 553 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है। विस्थापित लोगों के लिए खड़िया देव में 60 हेक्टेयर जमीन मकान बनाने के लिए आवंटित की गई है।
18 जुलाई को मानगढ़ धाम पर हजारों आदिवासी इकट्ठे हुए थे और न्यूक्लियर पावर प्लांट को निरस्त करने की मांग की थी। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार भी किया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement