US Military Fully Prepared; Further Attacks on Iran Possible at Any Time: Trump-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 14, 2026 5:22 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार, ईरान पर कभी भी हो सकते हैं और हमले : ट्रंप

khaskhabar.com: गुरुवार, 03 सितम्बर 2026 12:35 PM (IST)
अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार, ईरान पर कभी भी हो सकते हैं और हमले : ट्रंप
वॉशिंगटन । व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना जब चाहे तब ईरान पर नए हमले करने के लिए तैयार है। मंगलवार रात ईरान पर बहुत बड़ा हमला किया गया है और हम जब चाहें, फिर से ऐसा हमला करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्‍ट्रेट के आसपास ईरान की ओर से हाल ही में लगाए गए या दोबारा तैयार किए गए सभी नए उपकरणों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा, "हमने होर्मुज स्‍ट्रेट के आसपास उनके सभी नए उपकरणों को खत्म कर दिया, जिन्हें वे फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे।"
ईरानी अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि मंगलवार रात हुए अमेरिकी हमले में दक्षिणी ईरान में चल रहे एक शादी समारोह को निशाना बनाया गया। ईरान के अनुसार, इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए।
हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि वह इन रिपोर्टों की जांच कर रहा है और अमेरिकी सेना जानबूझकर कभी भी नागरिकों को निशाना नहीं बनाती।
जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह वास्तव में होर्मुज स्‍ट्रेट का नाम बदलकर अपने नाम पर रखना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा, "नहीं, नहीं... यह सिर्फ एक सुझाव के तौर पर कहा गया था।"
इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर मजाकिया अंदाज में लिखा था, "अब जब यह अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या हमें होर्मुज स्‍ट्रेट का नाम बदलकर 'ट्रंप स्ट्रेट' कर देना चाहिए?"
उन्होंने पिछले महीने लॉन्ग आइलैंड में एक रैली के दौरान भी कहा था कि ईरान को हराने के बाद वह होर्मुज स्‍ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करने पर विचार कर सकते हैं।
ट्रंप ने उस समय कहा था, "जब हम ईरान को पूरी तरह पराजित कर देंगे, तो मैं होर्मुज स्‍ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर सकता हूं।"
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उनके प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बताया क‍ि महासचिव अमेरिका और ईरान के बीच हुए नए हमलों से बेहद चिंतित हैं। उन्होंने खास तौर पर उन रिपोर्टों पर चिंता जताई जिनमें ईरान में एक शादी समारोह पर हमले और नागरिकों के हताहत होने की बात कही गई है।
दुजारिक ने कहा कि गुटेरेस नागरिकों को निशाना बनाने वाले सभी हमलों की निंदा करते हैं। उन्होंने सभी पक्षों को याद दिलाया कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करना चाहिए, जिसमें नागरिकों की सुरक्षा, संतुलित कार्रवाई और अधिकतम सावधानी बरतने जैसे सिद्धांत शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र ने अमेरिका और ईरान से तुरंत सैन्य कार्रवाई रोकने और संयम बरतने की अपील की है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement