UP: BJP prepares for 2027 elections, new ministers including Bhupendra Chaudhary and Manoj Pandey given key responsibilities-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Jun 7, 2026 6:49 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त

UP : 2027 की बिसात बिछाने में जुटी भाजपा, भूपेंद्र चौधरी-मनोज पांडेय समेत नए मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी

khaskhabar.com: बुधवार, 03 जून 2026 12:16 PM (IST)
UP : 2027 की बिसात बिछाने में जुटी भाजपा, भूपेंद्र चौधरी-मनोज पांडेय समेत नए मंत्रियों को मिली अहम जिम्मेदारी
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने और संगठन-सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने की दिशा में योगी सरकार ने प्रभारी मंत्रियों के जिलों में बड़ा फेरबदल किया है। नई सूची में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और वरिष्ठ मंत्री मनोज पांडेय को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद जारी इस बदलाव में कई वरिष्ठ मंत्रियों के प्रभार बदले गए हैं, जबकि नए मंत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी देकर क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। नई सूची के अनुसार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को आगरा और कासगंज का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय को सीतापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी सूची के मुताबिक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को वाराणसी और लखनऊ, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को अयोध्या और बस्ती, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को प्रयागराज और गोरखपुर का प्रभारी बनाया गया है।
महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य को इटावा और हाथरस, गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को अलीगढ़ और फिरोजाबाद तथा पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को झांसी और फर्रुखाबाद की जिम्मेदारी मिली है।
पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को गाजियाबाद और रामपुर, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' को मिर्जापुर और चित्रकूट, श्रम मंत्री अनिल राजभर को आजमगढ़ और सिद्धार्थनगर तथा खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान को रायबरेली और कन्नौज का प्रभार दिया गया है।
नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को जौनपुर और भदोही की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को कानपुर नगर, तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल को गोंडा, मत्स्य मंत्री संजय निषाद को कानपुर देहात तथा पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर को अंबेडकरनगर का प्रभारी बनाया गया है।
सरकार ने स्वतंत्र प्रभार और राज्य मंत्रियों को भी जिलों की जिम्मेदारी देकर जमीनी स्तर पर योजनाओं की निगरानी की व्यवस्था को मजबूत किया है। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल को लखीमपुर खीरी, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल को बिजनौर, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह को मथुरा, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी को अमरोहा और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव को सुल्तानपुर का प्रभार सौंपा गया है।
राज्य मंत्रियों में असीम अरुण को हरदोई और मेरठ, जेपीएस राठौर को संभल और बरेली, दयाशंकर सिंह को देवरिया और मऊ, दिनेश प्रताप सिंह को बांदा और बहराइच तथा अरुण कुमार सक्सेना को बदायूं का प्रभार दिया गया है। वहीं, सोमेंद्र तोमर को मुजफ्फरनगर, मयंकेश्वर शरण सिंह को प्रतापगढ़, दिनेश खटीक को शामली, संजीव गोंड को चंदौली और बलदेव सिंह औलख को पीलीभीत की जिम्मेदारी मिली है।
विश्लेषकों का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत सरकार ने क्षेत्रीय संतुलन, संगठनात्मक मजबूती और योजनाओं की प्रभावी निगरानी को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों को जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी और प्रशासनिक चुनौतियों को देखते हुए यह फेरबदल सरकार की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement