Advertisement
व्यापारियों के अरबों रुपये एसजीएसटी में अटके, बढ़ रहा ब्याज का बोझ: अशोक बुवानीवाला

चंडीगढ़। जीएसटी के टैक्स क्रेडिट सेट-ऑफ के जटिल नियमों के कारण देशभर के लाखों व्यापारियों और उद्यमियों की कार्यशील पूंजी फंस गई है। यह गंभीर चिंता का विषय है। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने इस व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए सरकार से जीएसटी प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाने की मांग की है।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि वर्तमान जीएसटी व्यवस्था में आईजीएसटी, सीजीएसटी और एसजीएसटी के सेट-ऑफ की जो प्रक्रिया अपनाई जा रही है, वह कारोबारियों के लिए नकदी संकट पैदा कर रही है। कारोबारियों के खातों में जमा वैध टैक्स क्रेडिट का समय पर समायोजन या रिफंड नहीं हो पा रहा है। जिससे उनकी पूंजी महीनों तक सरकारी खाते में अटकी रहती है। विस्तार से जानकारी देते हुए अशोक बुवानीवाला ने कहा कि मौजूदा नियम कारोबारियों की नकदी प्रवाह पर सीधा असर डाल रहा है। जब कोई कारोबारी दूसरे राज्य से माल खरीदता है, तो उसे खरीद पर आईजीएसटी चुकाना पड़ता है। बाद में जब वही माल वह अपने राज्य में बेचता है, तो वह ग्राहक से सीजीएसटी और एसजीएसटी वसूलता है।
उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार खरीद पर चुकाए गए आईजीएसटी के क्रेडिट का सेट-ऑफ पहले सीजीएसटी में होता है और सीजीएसटी का कोटा पूरा होने के बाद ही बची हुई राशि का समायोजन एसजीएसटी में किया जाता है। इस क्रम के चलते बड़ी रकम लंबे समय तक एसजीएसटी क्रेडिट के रूप में अटकी रहती है, जबकि कारोबारी को बैंक से कार्यशील पूंजी पर भारी ब्याज चुकाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि देशभर के कारोबारियों के अरबों रुपये इस तरह एसजीएसटी क्रेडिट के रूप में सरकार के पास जमा हैं, लेकिन उसका तत्काल रिफंड या सेट-ऑफ नहीं हो रहा है। इससे छोटे और मध्यम कारोबारियों पर सबसे ज्यादा मार पड़ रही है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले ही पूरी ईमानदारी से समय पर टैक्स का भुगतान कर रहा है, ऐसे में उनके वैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) को रोकना न्यायसंगत नहीं है। जीएसटी का मूल उद्देश्य व्यापार को आसान बनाना और कर व्यवस्था में पारदर्शिता लाना था, न कि प्रक्रिया की जटिलताओं में पूंजी को रोकना।
अशोक बुवानीवाला ने मांग की कि कारोबारियों के खातों में जमा वैध टैक्स क्रेडिट का समयबद्ध समायोजन अथवा रिफंड सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश रिफंड में देरी होती है, तो सरकार को कारोबारी की फंसी हुई पूंजी पर 18 प्रतिशत की दर से ब्याज देने की व्यवस्था करनी चाहिए। यह मांग पूरी तरह से न्यायसंगत है। इस समस्या के समाधान के लिए अशोक बुवानीवाला ने एक व्यावहारिक सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक रूप से सेट-ऑफ की प्रक्रिया में कर राशि को एक समान जीएसटी माना जाना चाहिए। आईजीएसटी, सीजीएसटी, एसजीएसटी में बंटवारे की जटिलता को खत्म कर यदि एकीकृत रूप से सेट-ऑफ की अनुमति दी जाए तो कारोबारियों की पूंजी तुरंत मुक्त होगी और उन पर बैंक ब्याज का अनावश्यक बोझ घटेगा। उन्होंने कहा कि जब सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की बात करती है तो सबसे पहले जीएसटी की इन जटिलताओं को दूर करना जरूरी है। इससे न केवल व्यापारियों का नकदी प्रवाह सुधरेगा, बल्कि व्यापार और उद्योग को भी गति मिलेगी और आखिरकार राजस्व संग्रह में भी वृद्धि होगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
चंडीगढ़
Advertisement
हरियाणा से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


