Tonk Highlights : Female smuggler arrested with smack worth 15 lakh, rare celestial alignment on Janmashtami-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 9, 2026 12:57 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

टोंक हलचल : 15 लाख की स्मैक सहित महिला तस्कर गिरफ्तार, 15 साल बाद जन्माष्टमी पर बना दुर्लभ महासंयोग, VMOU में 10 तक प्रवेश का मौका

khaskhabar.com: गुरुवार, 03 सितम्बर 2026 3:42 PM (IST)
टोंक हलचल : 15 लाख की स्मैक सहित महिला तस्कर गिरफ्तार, 15 साल बाद जन्माष्टमी पर बना दुर्लभ महासंयोग, VMOU में 10 तक प्रवेश का मौका
टोंक। नवाबों की नगरी टोंक में गुरुवार को कानून-व्यवस्था, आस्था, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान से जुड़ी कई अहम गतिविधियां सामने आईं। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए 15 लाख रुपये की स्मैक के साथ एक महिला को दबोचा। वहीं, धार्मिक क्षेत्र में 15 वर्ष बाद जन्माष्टमी पर अष्टमी और रोहिणी नक्षत्र का दुर्लभ संयोग बनने से पूरे जिले में उल्लास है। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में वीएमओयू में प्रवेश की अंतिम तिथि नजदीक आने और भारत विकास परिषद द्वारा शिक्षकों व मेधावियों के सम्मान सहित कला उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। डीएसटी की बड़ी स्ट्राइक: बंबोर रोड पर 15 लाख की स्मैक संग महिला तस्कर गिरफ्तार, 9 मोबाइल व कांटा जब्त टोंक पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसटी और सदर थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है:
स्मैक व नकदी बरामद: सदर थाना इलाके के बंबोर रोड पर दबिश देकर पुलिस ने एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 74 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक (अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये), 15 हजार रुपये की नकदी, 9 महंगे मोबाइल फोन और एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया।
टोकन बनाकर बिक्री: प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला बंबोर रोड क्षेत्र में पैकेट और टोकन बनाकर लंबे समय से युवाओं को स्मैक बेच रही थी। पुलिस अब एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर मादक पदार्थ की सप्लाय चेन और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है।
15 वर्ष बाद जन्माष्टमी पर अष्टमी-रोहिणी का दुर्लभ संयोग: रामानंदी और वैष्णव संप्रदाय एक ही दिन मनाएंगे पर्व
भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी और रोहिणी नक्षत्र का अत्यंत दुर्लभ संयोग करीब 15 साल बाद एक साथ मिल रहा है। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य भी इसी संयोग में हुआ था।
जन्मोत्सव व मुहूर्त: मनु ज्योतिष एवं वास्तु शोध संस्थान के निदेशक बाबूलाल शास्त्री के अनुसार, 4 सितंबर (शुक्रवार) को अष्टमी तिथि रात 12:13 बजे तक और रोहिणी नक्षत्र रात 11:04 बजे तक रहेगा। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव और पंचामृत अभिषेक का सर्वश्रेष्ठ निशीथ काल मुहूर्त रात 11:56 बजे से 12:41 बजे तक रहेगा।
एक साथ मनेगा उत्सव: रोहिणी नक्षत्र की उपस्थिति के चलते इस बार रामानंदी और वैष्णव संप्रदाय अलग-अलग दिन न मनाकर एक ही दिन 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे।
वीएमओयू में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर: एक साथ दो डिग्री या डिप्लोमा करने का मौका
वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU), कोटा के जुलाई 2026 सत्र में ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तारीख 10 सितंबर तय की गई है।
अध्ययन केंद्र टोंक का अपडेट: राजकीय महाविद्यालय टोंक की प्राचार्य एवं मुख्य समन्वयक प्रो. यासमीन फातमा व समन्वयक प्रो. महेश कुमावत ने बताया कि बीए, बीजे, बीएलआईएस, बीएससी, एमकॉम, एमबीए, एमएससी और विभिन्न मानविकी विषयों में एमए के लिए आवेदन जारी हैं।
नियम: यूजीसी के प्रावधानों के तहत नियमित विद्यार्थी अपनी नियमित पढ़ाई के साथ विश्वविद्यालय से डिस्टेंस मोड में दूसरी डिग्री या डिप्लोमा/सर्टिफिकेट कोर्स में भी दाखिला ले सकते हैं।
सरस्वती विद्या मंदिर में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन, शिक्षकों और मेधावियों का सम्मान
भारत विकास परिषद टोंक द्वारा यज्ञ के बालाजी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में 'गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन' समारोह आयोजित किया गया।
संस्कार और स्वदेशी का संदेश: पूर्व डीईओ भंवरलाल कुम्हार, प्रकल्प प्रमुख महेश कुमार शर्मा और वरिष्ठ सदस्य अशोक गांधी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, नैतिक मूल्यों और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की प्रेरणा दी।
सम्मान: प्रधानाचार्य गिर्राज प्रसाद गुर्जर, आचार्य ब्रजमोहन महावर, योगेश तिवाड़ी व प्रियंका जैन सहित सभी गुरुजनों का शाल व श्रीफल देकर अभिनंदन किया गया। वहीं 'भारत को जानो' प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सफल कुन्दन चौधरी, कनिका गंगवाल, अनुष्का मिश्रा, कोमल मीणा और अमन मीणा को पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सचिव राधेश्याम शर्मा ने उपस्थित जनों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया।
27 सितंबर को सजेगा 'बाल कला उत्सव', नन्हें कलाकार कैनवस पर उकेरेंगे कल्पनाअंतरंग कला एवं एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी टोंक के 20वें अंतरराष्ट्रीय कला पर्व के तहत आगामी 27 सितंबर को अभिज्ञान कॉलेज में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक 'बाल कला उत्सव' आयोजित होगा।
दो वर्गों में मुकाबला: जिला संयोजक पुरुषोत्तम सोनी व पर्व संयोजक डॉ. हनुमान सिंह राजावत ने बताया कि प्रतियोगिता कक्षा 6 से 8 (ग्रुप-ए) और 9 से 12 (ग्रुप-बी) के बीच होगी।
पंजीकरण: जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 19 सितंबर रखी गई है। सभी प्रतिभागियों को मेडल व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement