Today, if we talk about becoming self-reliant, then Maharana Pratap is our biggest source of inspiration: Anil Vij-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 11, 2026 11:59 pm
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

आज हम आत्मनिर्भर बनने की बात करते हैं तो महाराणा प्रताप हमारे सबसे बड़े प्रेरणास्त्रोतः अनिल विज

khaskhabar.com: शनिवार, 09 मई 2026 5:05 PM (IST)
आज हम आत्मनिर्भर बनने की बात करते हैं तो महाराणा प्रताप हमारे सबसे बड़े प्रेरणास्त्रोतः अनिल विज
खास खबर। अंबाला हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज अम्बाला छावनी के सदर बाजार के मुख्य चौराहे पर वीर महाराणा प्रताप की केवल मूर्ति नहीं लगाई बल्कि यहां सदा जलते रहने वाली एक मशाल जला दी है जो यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति को देशभक्ति व स्वाभिमान की सदा याद दिलाती रहेगी। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे देश के हैं, सब धर्मों के, सब जाति के और किसी एक धर्म के नहीं है। वह देश को जागृत करने वाले, देश की रक्षा के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर कर युवाओं को संदेश देने वाला योद्धा है। विज आज अम्बाला छावनी सदर बाजार चौराहे पर वीर महाराणा प्रताप की मूर्ति के अनावरण के बाद आपार जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने महाराणा प्रताप के जयकारे लगाते हुए कहा कि “चढ़ चेतक पर तलवार उठा, रखता था भूतल पानी को, राणा प्रताप सिर काट-काट, करता था सफल जवानी को”। उन्होंने कहा कि आज मेरी जिह्वा धन्य हो गई है कि उन्हें उस महामानव हिंद केसरी महाराणा प्रताप के बारे में बोलने का अवसर मिल रहा है जिसका नाम लेते ही शिराओं में रक्त का संचार तीव्र हो जाता है। वह नाम, जिसने महलों के वैभव को ठुकराकर जंगलों की खाक छानना स्वीकार किया, लेकिन किसी भी विदेशी आक्रांता के आगे अपना मस्तक झुकाना स्वीकार नहीं किया।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए एक मूर्ति के अनावरण का दिन नहीं बल्कि यह उस शौर्य, स्वाभिमान और अदम्य साहस के पुर्नजागरण का दिन है जिसने सदियों तक भारत की अस्मिता को बचाए रखा। जब हम मेवाड़ केसरी महाराणा प्रताप का नाम लेते हैं तो रगों में दौड़ रक्त उबाल मारने लगता है। उन्होंने कहा कि आज इस चौक पर स्थापित मूर्ति केवल पत्थर या धातु की संरचना नहीं है, यह जीवंत प्रेरणा है उन आंखों के लिए जो सपने देखती है और उन हाथों में लिए जो अन्याय के खिलाफ उठते हैं।
गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अपने स्वैच्छिक कोष से 50 लाख रुपए की राशि महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापना के लिए प्रदान किए थे। मूर्ति साढ़े 12 फुट ऊंची, 16 क्विंटल वजनी है जोकि पंच धातु से निर्मित है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जयपुर से आए मूर्तिकार महावीर भारती को पगड़ी पहनाकर सम्मानित भी किया।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमें किताबों में पढ़ाया गया कि अकबर महान था परंतु अकबर तो गुलामी की चाशनी में डूबी हुई लेखनी लिखती थी, महान अकबर नहीं, महान महाराणा प्रताप है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इतिहास की उन तमाम किताबों को फाड़ डालों जिन पर अकबर महान लिखा है और अपने खून की स्याही से जगह-जगह महाराणा प्रताप महान लिख दो। उन्होंने कहा कि अम्बाला में स्थापित मूर्ति पर भी महाराणा प्रताप ग्रेट लिखा गया है। आजादी के बाद जो सरकार आई वह गुलामी की मानसिकता में डूबी रहीं और अकबर महान लिखती रही। मगर आज के बाद महाराणा प्रताप ग्रेट लिखा जाएगा।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि अकसर लोग पूछते हैं कि 16वीं सदी के योद्धा की आज क्या जरूरत है। मगर आज उनकी जरूरत सबसे ज्यादा है। महाराणा प्रताप ने जंगलों में रहकर अपने अस्त्र-शस्त्र खुद तैयार किए, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हिंदुस्तान को आत्मनिर्भर बना रहे हैं जिसकी महाराणा प्रताप से प्रेरणा ली जा सकती है। आज हम आत्मनिर्भर की बात करते हैं तो महाराणा प्रताप हमारे सबसे बड़े प्रेरणा स्त्रोत हैं। महाराणा प्रताप पूरे देश के हैं, सब धर्मों के, सब जाति के और किसी एक धर्म के नहीं है। वह देश को जागृत करने वाले, देश की रक्षा के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर कर युवाओं को संदेश देने वाला योद्धा है।
आज के युवाओं के लिए संदेश है कि जब जीवन में कठिनाई आए, संसाधन कम हों तो हार मत मानों, याद रखे महलों का सुख त्यागकर जंगलों का चुनने वाला वह महामानव कभी नहीं हारा, क्योंकि वह कभी मन से नहीं झुका। आज हमें शपथ व संकल्प लेना है, इसी मूर्ति की छत्रछाया में हम संकल्प लेते हैं कि हम अपनी मातृभूमि के गौरव पर कभी आन नहीं आने देंगे।
आज कार्यक्रम के दौरान एसडीएम कनिका गोयल के अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल विज, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, डीएसपी रमेश कुमार, ईओ देवेंद्र नरवाल, भाजपा नेता संजीव वालिया, संजीव सोनी बब्बू, जसबीर सिंह जस्सी, किरणपाल चौहान, विजेंद्र चौहान, राजीव गुप्ता, मदनलाल शर्मा, आरती सहगल, सुरेंद्र बिंद्रा, बीएस बिंद्रा, अजय बवेजा, आशीष अग्रवाल, प्रवेश शर्मा, रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, विकास बहगल, श्याम सुंदर अरोड़ा, पुनीत सरपाल, विपिन्न खन्ना, बलित नागपाल, दीपक दीप, सहित संख्या में लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement