The search for the severed head of a woman found in Noida continues, with over 500 CCTV footage scanned so far.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Dec 12, 2025 2:27 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नोएडा में मिले महिला के कटे सिर की तलाश जारी, अब तक 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई

khaskhabar.com: शनिवार, 08 नवम्बर 2025 12:31 PM (IST)
नोएडा में मिले महिला के कटे सिर की तलाश जारी, अब तक 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई
नोएडा । नोएडा में सेक्टर-82 कट के पास नाले में मिली सिर कटी लाश के मामले ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना के 24 घंटे से ज्यादा बीतने के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है, वहीं पुलिस को सिर की तलाश में अब तक कोई सुराग हासिल नहीं हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने 10 विशेष टीमें गठित की हैं, जो लगातार सबूत एकत्र करने में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार अब तक 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं, लेकिन हत्या कहां हुई और शव को यहां लाया कैसे गया, इस पर पुलिस को अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। जांच टीमें इलाके में लगे कैमरों की फुटेज घटनास्थल से तीन दिन पहले तक की खंगाल रही हैं, ताकि किसी संदिग्ध की गतिविधि का पता लगाया जा सके। सबसे बड़ी मुश्किल महिला की पहचान कराना है। सिर न मिलने की वजह से पुलिस को डेड बॉडी की पहचान कराने में खासी समस्या आ रही है। आसपास के जिलों से संपर्क कर वहां की गुमशुदगी रिपोर्ट भी मंगाई जा रही है। पड़ोसी जिलों की पुलिस से भी तालमेल बैठाया जा रहा है ताकि किसी भी लापता महिला की शिकायत इस मामले से मेल खा सके।
महिला के सिर की तलाश के लिए पुलिस ने घटनास्थल के तीन किलोमीटर के दायरे में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। नाले से लेकर आसपास के झाड़ियों, खाली प्लॉट्स, नदी किनारे और रास्तों पर तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सैंपल इकट्ठा कर चुकी है। पुलिस इस मामले को हत्या का मामला मानकर आगे बढ़ रही है।
यह भी आशंका जताई जा रही है कि अपराध किसी और जगह पर हुआ और सबूत मिटाने के लिए शव को यहां फेंका गया। यह भी जांच का विषय है कि हत्या किसी व्यक्तिगत विवाद, घरेलू हिंसा या अवैध संबंध से जुड़ी हो सकती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच को तेज कर दिया गया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने इलाके में किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को आते-जाते देखा है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement