The government should soon implement the Sikri Dhar cement plant, which will open doors of employment for thousands of youth: Dr. Rajiv Bhardwaj-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 9, 2026 12:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सिकरी धार सीमेंट प्लांट को जल्द धरातल पर उतारे सरकार, हजारों युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार : डॉ. राजीव भारद्वाज

khaskhabar.com: गुरुवार, 13 अगस्त 2026 5:01 PM (IST)
सिकरी धार सीमेंट प्लांट को जल्द धरातल पर उतारे सरकार, हजारों युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार : डॉ. राजीव भारद्वाज
खास खबर। शिमला भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने जिला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से विचाराधीन सिकरी धार सीमेंट प्लांट को शीघ्र स्थापित करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संबंध में संबंधित केंद्रीय उद्योग मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि यह परियोजना चंबा जैसे आकांक्षी जिले के आर्थिक विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि सिकरी धार सीमेंट प्लांट को लेकर पूर्व में टेंडर प्रक्रिया भी की गई थी, लेकिन किसी कंपनी द्वारा टेंडर नहीं लिया गया। इसके पीछे सड़क संपर्क की समस्या एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आई थी। उन्होंने कहा कि वर्षों से विचाराधीन इस महत्वपूर्ण परियोजना को अब आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और प्रदेश स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि चंबा एक आकांक्षी जिला है और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां रोजगार एवं औद्योगिक विकास की संभावनाएं सीमित रही हैं। सिकरी धार सीमेंट प्लांट स्थापित होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे और युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने की मजबूरी कम होगी।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि इस परियोजना का लाभ केवल चंबा जिले तक सीमित नहीं रहेगा। चंबा के साथ-साथ कांगड़ा जिले के युवाओं को भी रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। सीमेंट प्लांट शुरू होने से परिवहन, छोटे व्यवसाय, स्थानीय बाजार, होटल-ढाबे और अन्य सहायक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क जैसी व्यावहारिक बाधाओं का समाधान निकालते हुए परियोजना को निवेशकों के लिए व्यवहार्य बनाया जाना चाहिए। यदि आवश्यक बुनियादी ढांचा और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाई जाती है तो सिकरी धार में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को मजबूती मिल सकती है।
डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा, “चंबा जैसे आकांक्षी जिले में रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। सिकरी धार सीमेंट प्लांट इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने की क्षमता रखता है। इससे चंबा के साथ कांगड़ा के हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।” उन्होंने संबंधित केंद्रीय उद्योग मंत्री से आग्रह किया कि सिकरी धार सीमेंट प्लांट के मामले पर प्राथमिकता से विचार करते हुए परियोजना को शुरू करने की दिशा में ठोस पहल की जाए। लंबे समय से विचाराधीन इस परियोजना को धरातल पर उतारना क्षेत्र की खुशहाली, रोजगार और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास को लेकर सदैव संवेदनशील रही है और उन्हें विश्वास है कि सिकरी धार सीमेंट प्लांट जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी सकारात्मक पहल होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना को शुरू करवाने के लिए वह संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास करते रहेंगे और चंबा-कांगड़ा के युवाओं के रोजगार तथा क्षेत्र के विकास की आवाज मजबूती से उठाते रहेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement